श्रीनिवास धाम में गूंजा जयगुरुदेव का उद्घोष, संत पंकज महाराज ने दिया शाकाहार और सदाचार का संदेश

WhatsApp Channel Join Now
श्रीनिवास धाम में गूंजा जयगुरुदेव का उद्घोष, संत पंकज महाराज ने दिया शाकाहार और सदाचार का संदेश


मीरजापुर, 01 सितंबर (हि.स.)। जयगुरुदेव धर्म प्रचारक संस्था मथुरा के राष्ट्रीय अध्यक्ष संत पंकज महाराज की 108 दिवसीय शाकाहार-सदाचार, मद्यनिषेध एवं आध्यात्मिक-वैचारिक जनजागरण यात्रा मंगलवार को 12वें पड़ाव पर श्रीनिवास धाम पहुंची। मौनी स्वामी इंटर कॉलेज के मैदान में आयोजित सत्संग समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटे। गाजे-बाजे और पुष्पवर्षा के बीच संत पंकज महाराज का स्वागत किया गया। पूरा परिसर जयगुरुदेव के उद्घोष से गूंज उठा।

सत्संग में संत पंकज महाराज ने कहा कि 84 लाख योनियों में मानव शरीर को सर्वश्रेष्ठ माना गया है और इसे प्राप्त करना सौभाग्य की बात है। मानव जीवन का उद्देश्य केवल भौतिक सुख हासिल करना नहीं, बल्कि गृहस्थ आश्रम में रहते हुए मेहनत और ईमानदारी से जीवनयापन करना है। शाकाहार अपनाना और नशे से दूर रहना भी है।

उन्होंने कहा कि मनुष्य युगों से जन्म-मरण के बंधन में भटक रहा है। प्रभु ने जीवों के कल्याण के लिए संतों को धरती पर भेजा है। अच्छा समाज बनाने के लिए मानव धर्म, प्रेम और सद्भाव को अपनाना जरूरी है। संस्था की ओर से गांव-गांव को शाकाहारी, सदाचारी और नशामुक्त बनाने का अभियान चलाया जा रहा है।

संत पंकज महाराज ने श्रद्धालुओं को प्रभु प्राप्ति का सरल मार्ग बताते हुए सुमिरन, ध्यान और भजन की विधि समझाई और इसे नियमित रूप से करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इस मार्ग पर चलने से व्यक्ति स्वयं अनुभव प्राप्त कर सकता है और लोक-परलोक दोनों संवर सकते हैं।

कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष घूरन प्रसाद, संगठन मंत्री व प्रवक्ता मोती लाल सिंह, ग्राम प्रधान मनोज पाठक सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। प्रतापगढ़ से आए संगत के पदाधिकारी और सहयोगियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story