महिला जनसुनवाई में उठीं घरेलू हिंसा और उत्पीड़न की समस्याएं, 11 प्रार्थना पत्र आए

WhatsApp Channel Join Now
महिला जनसुनवाई में उठीं घरेलू हिंसा और उत्पीड़न की समस्याएं, 11 प्रार्थना पत्र आए


मीरजापुर, 25 अगस्त (हि.स.)। विकासखंड कोन के सभागार में मंगलवार को महिला जनसुनवाई एवं जागरूकता चौपाल का आयोजन किया गया। राज्य महिला आयोग की सदस्य नीलम प्रभात की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं को उनके अधिकारों और सरकारी सहायता की जानकारी दी गई। जनसुनवाई में कुल 11 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें दो मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि नौ प्रकरणों के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों की टीमें गठित कर आवश्यक निर्देश दिए गए।

कार्यक्रम की शुरुआत नीलम प्रभात ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर की। इसके बाद गोद भराई और अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। कन्या जन्मोत्सव के तहत केक काटकर बेटियों के जन्म को उत्सव के रूप में मनाया गया।

महिलाओं को जागरूक करते हुए सदस्य ने विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। उन्होंने 1076, 1090, 1081, 1098, 112, 108 और 102 के माध्यम से महिला उत्पीड़न, पुलिस सहायता, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य जरूरतों में मदद लेने की प्रक्रिया समझाई।

जनसुनवाई के दौरान महिलाओं ने अपनी व्यक्तिगत एवं पारिवारिक समस्याएं आयोग के समक्ष रखीं। सदस्य ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबित प्रकरणों का समयबद्ध और निष्पक्ष तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

इस दौरान बीडीओ शैलेंद्र सिंह, एसीडीपीओ ज्योतिमा सिंह, समाज कल्याण अधिकारी रंजीत, तहसीलदार सदर, जिला कोऑर्डिनेटर महिला कल्याण डॉ. अंजू यादव, वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रबंधक पूजा मौर्य समेत बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं। सुरक्षा व्यवस्था में चील्ह थाना प्रभारी भरत उपाध्याय, उपनिरीक्षक मनोज सिंह, महिला सिपाही आभा सिंह समेत पुलिस बल तैनात रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story