नोएडा के इंटरनेशनल ट्रेड शो में दिखेंगे मीरजापुर की कालीन और मिठाइयां

WhatsApp Channel Join Now
नोएडा के इंटरनेशनल ट्रेड शो में दिखेंगे मीरजापुर की कालीन और मिठाइयां


मीरजापुर, 22 सितंबर (हि.स.)। नोएडा में 25 सितंबर से होने वाले उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो में मीरजापुर की कालीन और पारंपरिक मिठाइयां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। जिले के 10 कालीन कारोबारी और दो मिष्ठान कारोबारी ट्रेड शो में अपने उत्पादों का प्रदर्शन करेंगे। देश-विदेश से आने वाले कारोबारियों और 86 देशों के आयातकों के सामने मीरजापुर के कालीन, दरी और हस्तशिल्प उत्पाद रखे जाएंगे।

जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र के उपायुक्त संदीप कुमार ने मंगलवार को बताया कि ट्रेड शो में स्थानीय कारोबारियों को विदेशी खरीदारों से सीधे बातचीत का मौका मिलेगा। इससे नए कारोबारी संपर्क बनने और कालीन के ऑर्डर मिलने की उम्मीद है। रमाशंकर कारपेट, शबनूर कारपेट, इस्तेखार कारपेट और बृजेश दरी एवं कारपेट हाल नंबर 09 में अपने उत्पाद प्रदर्शित करेंगे। परी हैंडीक्राफ्ट, आरएस हैंडीक्राफ्ट, नंदिनी हैंडीक्राफ्ट और चैंपियन ट्रेडर्स हाल नंबर-10 में स्टॉल लगाएंगे। वन पैलेस ऑफ रग्स हाल नंबर-14 और आर्टलाइन क्रिएशन हाल नंबर-15 में उत्पाद प्रदर्शित करेगा।

उन्होंने बताया कि मीरजापुर के कालीन कारोबार का बड़ा हिस्सा निर्यात से जुड़ा है। ऐसे में विदेशी खरीदारों से नए संपर्क कारोबारियों के लिए अहम माने जा रहे हैं। ओडीओपी के तहत कालीन उद्योग को मिलने वाली सुविधाओं का भी कारोबारियों को लाभ मिला है।

लाल पेड़ा और बालूशाही भी होंगी प्रदर्शित

कालीन के साथ मीरजापुर की मशहूर मिठाइयां लाल पेड़ा और बालूशाही भी ट्रेड शो में पहुंचेंगी। ओम मिष्ठान भंडार और गुरुकृपा स्वीट्स हाल नंबर-16 में अपने उत्पाद प्रदर्शित करेंगे। विदेशी मेहमानों को इन मिठाइयों का स्वाद चखने का भी मौका मिलेगा। इससे मिर्जापुर के पारंपरिक खाद्य उत्पादों को दूसरे बाजारों में पहचान मिलने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story