यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो : मुरादाबाद के पीतल के उत्पादों से चमकेंगे 78 स्टॉल

WhatsApp Channel Join Now
यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो : मुरादाबाद के पीतल के उत्पादों से चमकेंगे 78 स्टॉल


- ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित होगा चतुर्थ ‘उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो’

- देश-दुनिया से करीब 1.50 लाख बिजनेस खरीदार और 4.50 लाख से अधिक आम उपभोक्ता जुटेंगे : संयुक्त आयुक्त उद्योग

मुरादाबाद, 17 सितंबर (हि.स.)। पीतल की नगरी मुरादाबाद के हस्तशिल्प, मेटल आर्टवेयर और स्थानीय दस्तकारी को अंतरराष्ट्रीय पटल पर सीधे नए बाजार और खरीदार दिलाने के लिए खाका तैयार हो चुका है। ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित होने वाले चौथे ‘उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो’ में मुरादाबाद जनपद से कुल 78 कारोबारी, नए व स्थापित निर्यातक, महिला एवं युवा उद्यमी और ओडीओपी दस्तकार अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराएंगे।

मुरादाबाद के संयुक्त आयुक्त उद्योग योगेश कुमार ने बताया कि 1,10,000 वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्रफल में लगने वाले इस महाआयोजन में देश-दुनिया से करीब 1.50 लाख बिजनेस खरीदार और 4.50 लाख से अधिक आम उपभोक्ता जुटेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की निर्यात प्रोत्साहन नीति, एमएसएमई नीति और श्एक जनपद-एक उत्पादश् (ओडीओपी) योजना के तहत यह वैश्विक मंच मुरादाबाद के उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय खरीदारों से सीधे जोड़कर स्थानीय कारोबार को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा।

मुरादाबाद के 42 नए निर्यातकों ने अपने स्टॉल सुरक्षित कराए

ट्रेड शो के ले-आउट के अनुसार, इस बार सबसे क्रांतिकारी बदलाव नए निर्यातकों के रूप में सामने आया है। पहली बार सीधे विदेशी खरीदारों के सामने अपने उत्पादों की प्रदर्शनी लगाने जा रहे नए कारोबारियों के लिए तय हॉल नंबर 14 (न्यू एक्सपोर्टर्स) में अकेले मुरादाबाद के 42 नए निर्यातकों ने अपने स्टॉल सुरक्षित कराए हैं। संयुक्त आयुक्त उद्योग के अनुसार, यह भागीदारी दर्शाती है कि शहर की नई पीढ़ी अब सिर्फ बिचौलियों या बड़े घरानों पर निर्भर रहने के बजाय सीधे वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला (ग्लोबल सप्लाई चेन) का हिस्सा बनने को तैयार है। इसके साथ ही, हॉल नंबर 15 (रेगुलर एक्सपोर्टर्स) में मुरादाबाद के 14 बड़े और स्थापित निर्यातक विदेशी बायर्स के साथ पहले से चल रहे अनुबंधों को विस्तार देंगे और बड़े वॉल्यूम के ऑर्डर हासिल करेंगे।

मुरादाबाद के पीतल उद्योग और कारीगरों को मिलेगा सीधा आर्थिक बूस्ट

इस अंतरराष्ट्रीय एक्सपो से मुरादाबाद के आर्थिक परिदृश्य को बड़ा लाभ पहुंचेगा। सीधे विदेशी बायर्स और अंतरराष्ट्रीय रिटेल चेन्स से जुड़ने से बीच के बिचौलियों का कमीशन खत्म होगा, जिससे कारखानों से लेकर जमीनी दस्तकारों तक को अपने उत्पादों का पूरा और उचित मूल्य मिल सकेगा। शहर के छोटे कारखानों और ढलाई इकाइयों को नए एक्सपोर्ट ऑर्डर मिलने से स्थानीय स्तर पर हजारों कारीगरों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। संयुक्त आयुक्त उद्योग योगेश कुमार ने बताया कि इस ऐतिहासिक मौके का ज्यादा से ज्यादा लाभ उठाने के लिए औद्योगिक क्षेत्रों, व्यापारिक संगठनों और उद्योग बंधु बैठकों के माध्यम से व्यापक प्रचार किया जा रहा है, ताकि शहर का हर वर्ग आधिकारिक पोर्टल (upinternationaltradeshow.com) के जरिए इस वैश्विक महाकुंभ से जुड़ सके।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story