अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर समाज कल्याण विभाग देगा ‘पीढ़ियों का साथ’ का संदेश

WhatsApp Channel Join Now
अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर समाज कल्याण विभाग देगा ‘पीढ़ियों का साथ’ का संदेश


-गोमती नगर स्थित भागीदारी भवन में होगा कार्यक्रम, राज्यमंत्री असीम अरुण होंगे मुख्य अतिथि

-वरिष्ठ नागरिक होंगे सम्मानित, सरकारी योजनाओं की डॉक्युमेंट्री और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजेगा कार्यक्रम

लखनऊ, 30 सितंबर (हि. स.)। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर समाज कल्याण विभाग और हेल्पेज इंडिया के सहयोग से 01 अक्टूबर की सुबह 9:30 से गोमती नगर स्थित भागीदारी भवन में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

इस वर्ष कार्यक्रम की थीम ‘वृद्धजन हितैषी भारत के लिए पीढ़ियों का साथ’ है, जिसका संदेश देखभाल, योगदान और जुड़ाव है। कार्यक्रम का उद्देश्य वृद्धजनों के सम्मान, उनकी गरिमा और सामाजिक सुरक्षा के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना है। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण उपस्थित रहेंगे।

कार्यक्रम की शुरुआत पंजीकरण, राष्ट्रीय गीत और दीप प्रज्ज्वलन के साथ होगी। समाज कल्याण विभाग के निदेशक संजीव सिंह वृद्धजनों के लिए संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी देंगे। इस दौरान सरकारी योजनाओं पर आधारित डॉक्युमेंट्री का प्रदर्शन भी किया जाएगा। इसके बाद विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धि हासिल करने वाले वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान किया जाएगा।

कार्यक्रम में सीएमएस- आरडीएसओ के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इनमें ‘अपने मां-बाप का तू दिल न दुखाना’ और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां शामिल होंगी। समाज कल्याण विभाग के प्रमुख सचिव अनुराग यादव द्वारा प्रेरक संदेश दिया जाएगा और वृद्धजनों के सम्मान के लिए प्रतिज्ञा भी दिलाई जाएगी।

गौरतलब है कि प्रदेश में समाज कल्याण विभाग द्वारा वर्तमान में 76 वृद्धाश्रम संचालित हैं। इनमें 6,607 बुजुर्गों के रहने की सुविधा है। इनमें से 4,901 पात्र वृद्धजनों वृद्धावस्था पेंशन का लाभ दिया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

Share this story