बघौड़ा में किसानों से संवाद, खेतों का किया औचक निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
बघौड़ा में किसानों से संवाद, खेतों का किया औचक निरीक्षण


- कृषि और मत्स्य गतिविधियों की जानी स्थिति, चयनित कार्मिकों को दिए जरूरी दिशा-निर्देश

मीरजापुर, 17 सितंबर (हि.स.)। विश्व बैंक पोषित उत्तर प्रदेश सरकार की यूपी डास्प व यूपी एजीआरईईएस परियोजना के तहत गुरुवार को चयनित कार्मिकों ने बघौड़ा गांव का क्षेत्रीय भ्रमण किया। इस दौरान किसानों से संवाद कर कृषि एवं मत्स्य गतिविधियों की जानकारी ली गई और विभिन्न खेतों का औचक निरीक्षण किया गया।

परियोजना के नोडल अधिकारी एवं मत्स्य विशेषज्ञ सुनील कुमार सिंह ने चयनित कार्मिकों को परियोजना के तहत संचालित कृषि व मत्स्य गतिविधियों, तकनीकी कार्यों और कृषक हितैषी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने किसानों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने और परियोजना के निर्धारित लक्ष्यों को गांव स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर जोर दिया।

अधिकारियों ने किसानों से खेती और मत्स्य गतिविधियों से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली। इसके बाद खेतों में पहुंचकर फसलों की स्थिति, किसानों द्वारा अपनाई जा रही तकनीकी पद्धतियों और परियोजना के तहत संचालित गतिविधियों का धरातलीय अवलोकन किया।

क्षेत्र भ्रमण के दौरान चयनित कार्मिकों को किसानों की समस्याओं को समझने, तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराने तथा विभागीय अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए गए।

इस दौरान जिला परियोजना प्रबंधक गोविंद राजपूत, मत्स्य विभाग के शिवचंद वर्मा, आईआरआरआई के वैज्ञानिक विवेक व अजय, कृषि विभाग के एडीओ एजी संतोष कुमार कुशवाहा, वरिष्ठ उप प्रबंधक कृषि विनय कुमार उपाध्याय, अशोक प्रधान, विकास पाल, विवेकानंद मौर्य समेत संबंधित अधिकारी, चयनित कार्मिक और किसान मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story