निषाद समाज को शिक्षा और रोजगार से जोड़कर मजबूत बनाना सरकार की प्राथमिकता : संजय निषाद

WhatsApp Channel Join Now
निषाद समाज को शिक्षा और रोजगार से जोड़कर मजबूत बनाना सरकार की प्राथमिकता : संजय निषाद


- मत्स्य पालकों की समस्याएं सुन मंत्री संजय निषाद ने अधिकारियों को दिए निस्तारण के निर्देश

मीरजापुर, 24 नवंबर (हि.स.)। निषाद समाज को शिक्षा और रोजगार से जोड़कर सामाजिक-आर्थिक रूप से मजबूत बनाना सरकार की प्राथमिकता है। समाज के युवाओं को शिक्षा के प्रति जागरूक होना होगा, तभी आने वाली पीढ़ियों का भविष्य बेहतर होगा। यह बातें उत्तर प्रदेश के मत्स्य विभाग के मंत्री संजय कुमार निषाद ने मंगलवार को मीरजापुर जिला पंचायत सभागार में मत्स्य पालकों और निषाद समाज के प्रबुद्धजनों के साथ बैठक में कहीं।

मंत्री ने कहा कि मत्स्य पालन को रोजगार का बेहतर माध्यम बनाने के लिए सरकार हरसंभव मदद कर रही है। तालाबों के पट्टे, मछली पालन पर अनुदान, प्रशिक्षण, बीमा और बाजार की सुविधाओं के जरिए मत्स्य पालकों की आय बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने मत्स्य पालकों से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर अपनी आमदनी बढ़ाने की अपील की।

बैठक में मंत्री ने मत्स्य विभाग की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान मत्स्य पालकों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें उनके सामने रखीं। मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का शीघ्र निस्तारण करने और योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मत्स्य पालकों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। तालाबों के आवंटन में पारदर्शिता रखने और पालकों को नियमित प्रशिक्षण देने पर भी जोर दिया।

निषाद समुदाय को एससी का दर्जा दिलाने की बात दोहराई

मंत्री संजय निषाद ने निषाद समुदाय को अनुसूचित जाति का दर्जा दिलाने के मुद्दे पर भी अपनी प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने कहा कि समाज को शिक्षा से जोड़कर मुख्यधारा में लाना जरूरी है। इसके साथ ही आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से मछली उत्पादन बढ़ाने और मत्स्य पालकों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782670 Articles

Share this story