फिरोजाबाद में बनेगा औद्योगिक गलियारा, औद्योगिक विकास एवं रोजगार सृजन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
फिरोजाबाद, 24 अगस्त (हि.स.)। फिरोजाबाद जिले के नसीरपुर क्षेत्र में उत्तर प्रदेश एक्सप्रेस वे विकास प्राधिकरण द्वारा विकसित किए जा रहे औद्योगिक गलियारे के संबंध में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की उपस्थिति में उद्यमियों के साथ यूपीडा टीम द्वारा सोमवार को एक महत्वपूर्ण बैठक एवं प्रस्तुतीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में यूपीडा की टीम द्वारा नसीरपुर क्षेत्र में विकसित किए जा रहे औद्योगिक गलियारे की परियोजना, उपलब्ध सुविधाओं, औद्योगिक भूखंडों के विकास तथा उद्यमियों के लिए उपलब्ध संभावनाओं के संबंध में विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया। साथ ही उद्यमियों को इस औद्योगिक गलियारे में निवेश एवं उद्योग स्थापना के लिए प्रोत्साहित किया गया।
उद्यमियों द्वारा परियोजना के संबंध में अपनी जिज्ञासाएं एवं सुझाव भी प्रस्तुत किए गए, जिनका यूपीडा की टीम द्वारा समाधान एवं आवश्यक जानकारी प्रदान की गई। उद्यमियों ने नसीरपुर औद्योगिक गलियारे के विकास को जनपद फिरोजाबाद में औद्योगिक विकास एवं रोजगार सृजन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। यह परियोजना क्षेत्र में निवेश को बढ़ावा देने तथा स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने में सहायक सिद्ध होगी।
यूपीडा द्वारा नसीरपुर औद्योगिक गलियारे के विकास कार्यों को गति प्रदान करते हुए अधिकाधिक उद्यमियों को निवेश के लिए आकर्षित करने के प्रयास निरंतर किए जा रहे हैं।
ज़िलाधकारी द्वारा उपायुक्त उद्योग, यूपीडा को निर्देश दिए कि कि जो उद्यमी क्लस्टर रूप में निवेश करना चाहते हैं उन्हें भी इसमें प्राथमिकता दी जाये, आवंटन की शर्तों में भुगतान से संबंधित शर्तें स्पष्ट होनी चाहिए जिससे उद्यमी निसंकोच आवेदन कर सकें।
बैठक में उपायुक्त उद्योग संध्या, यूपिड़ा से मोनिका कुमार, राहुल गुप्ता, दीपक विष्ट एवं जनपद के उद्यमी राज कुमार मित्तल, मुकेश बंसल टोनी, दीपक गुप्ता बिटिया, हेमंत अग्रवाल, राज कुमार शर्मा, सिंह राज यादव, निधी चतुर्वेदी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

