भारतीय वायुसेना दिवस के एयरशो को लेकर सुरक्षा सख्त, प्रतिबंधित क्षेत्र में ड्रोन उड़ाने पर पूर्ण रोक
—अपर पुलिस आयुक्त ने नमोघाट का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था परखी, वीवीआईपी मूवमेंट और भीड़ प्रबंधन के लिए अधिकारियों को दिए निर्देश
वाराणसी, 11 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय वायुसेना दिवस की 94वीं वर्षगांठ के अवसर पर वाराणसी के नमोघाट पर प्रस्तावित तीन दिवसीय एरियल डिस्प्ले-2026 को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। 22, 24 और 25 अक्टूबर को आयोजित होने वाले इस एयरशो को उत्तर प्रदेश सरकार ने स्टेट इवेंट घोषित किया है। कार्यक्रम में वीवीआईपी मेहमानों के साथ बड़ी संख्या में आमजन के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। प्रतिबंधित हवाई क्षेत्र में ड्रोन उड़ाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
रविवार को अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरी मीणा ने पुलिस अधिकारियों और बल के साथ नमोघाट तथा आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंसवाल, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन वैभव बांगर, पुलिस उपायुक्त मुख्यालय विनीत भटनागर, अपर पुलिस उपायुक्त सुरक्षा मुकेश कुमार और सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली विजय कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
——प्रवेश द्वारों से लेकर घाटों तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल, प्रवेश एवं निकास द्वारों, घाटों, संपर्क मार्गों, पार्किंग स्थलों और संवेदनशील स्थानों का जायजा लिया। सभी ड्यूटी प्वाइंट पर नामवार पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वीवीआईपी आगमन को देखते हुए निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करने और संबंधित सुरक्षा इकाइयों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया।
घाट के सभी प्रवेश द्वारों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, प्रभावी चेकिंग एवं फ्रिस्किंग सुनिश्चित करने और विशाल जनसमूह के आवागमन तथा निकासी के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित करने को कहा गया। भीड़ के दबाव पर लगातार नजर रखने के साथ आपातकालीन निकासी मार्गों को अवरोधमुक्त रखने और गंगा के तटवर्ती क्षेत्रों, वीवीआईपी मार्गों एवं प्रमुख चौराहों पर मजबूत बैरिकेडिंग लगाने के निर्देश भी दिए गए।
——सीसीटीवी और कंट्रोल रूम से होगी निगरानी
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए कार्यक्रम स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता जांचने तथा कंट्रोल रूम से लगातार निगरानी करने पर बल दिया गया। ड्रोन से प्राप्त दृश्यों का भी कंट्रोल रूम में सतत विश्लेषण कर असामान्य भीड़ और संदिग्ध गतिविधियों की पहचान करने के निर्देश दिए गए।
सभी प्रवेश द्वारों पर पर्याप्त संख्या में डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर (डीएफएमडी) लगाकर मेटल स्क्रीनिंग सुनिश्चित करने को कहा गया है। महिला आगंतुकों की जांच के लिए महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। स्थानीय अभिसूचना इकाई और थाना प्रभारियों को नमोघाट के साथ आसपास के होटल एवं गेस्ट हाउस में सतर्क निगरानी रखने तथा संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन करने के निर्देश दिए गए हैं। आमजन की सुविधा के लिए पुलिस सहायता केंद्र, खोया-पाया केंद्र और पूछताछ केंद्र स्थापित करने की भी योजना है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में लोगों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
——यातायात व्यवस्था के लिए 66 स्थानों पर पार्किंग की तैयारी
एयरशो के दौरान शहर में वाहनों का दबाव बढ़ने की आशंका को देखते हुए यातायात पुलिस ने व्यापक कार्ययोजना तैयार की है। छोटे-बड़े वाहनों के प्रवेश को नियंत्रित करने के लिए तीन स्तरों पर व्यवस्था की गई है। निर्धारित योजना के अनुसार, 21 अक्टूबर की रात 12 बजे से 25 अक्टूबर की रात 12 बजे तक शहरी सीमा में यूपी-65 पंजीकरण वाले वाहनों को ही प्रवेश देने का निर्णय लिया गया है। अन्य वाहनों को शहर के बाहर रोकने की व्यवस्था रहेगी।
यातायात पुलिस ने शहर के साथ हाईवे और रिंग रोड पर 66 स्थानों को चिह्नित किया है, जहां वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। वीवीआईपी, वीआईपी, पुलिसकर्मियों, मीडिया और आमजन के वाहनों के लिए अलग-अलग निर्धारित पार्किंग स्थलों की क्षमता के अनुसार इंतजाम किए जाएंगे।
अधिकारियों ने यातायात संचालन के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने, आवश्यकतानुसार डायवर्जन लागू करने तथा नो-एंट्री और वैकल्पिक मार्ग निर्धारित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि एयर शो के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के साथ आमजन की आवाजाही भी सुचारु बनी रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

