15 अक्टूबर तक पूरे हों सांसद निधि के अधूरे काम

WhatsApp Channel Join Now
15 अक्टूबर तक पूरे हों सांसद निधि के अधूरे काम


मीरजापुर, 09 सितंबर (हि.स.)। सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना (एमपीलेड्स) के तहत वर्ष 2023-24 और 2024-25 में स्वीकृत अधूरे कार्यों को हर हाल में 15 अक्टूबर तक पूरा कराकर कार्यपूर्ति प्रमाण पत्र उपलब्ध कराया जाए। यह निर्देश बुधवार को मंडलायुक्त राजेश प्रकाश ने मंडलायुक्त सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में कार्यदायी संस्थाओं को दिए।

बैठक में मीरजापुर, सोनभद्र और भदोही में योजना के तहत स्वीकृत कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। मंडलायुक्त ने कहा कि सांसदों से प्रस्ताव मिलने के 45 दिन के भीतर कार्य स्वीकृत, स्वीकृति के तीन माह के अंदर काम शुरू और एक वर्ष में कार्य पूरा होना चाहिए।

मीरजापुर में वर्ष 2023-24 के तीन और 2024-25 के दो कार्य अधूरे मिले। लालगंज स्थित बाबू उपरौध इंटर कॉलेज में छात्राओं के लिए शौचालय निर्माण लंबे समय से अधूरा रहने और धनराशि अवमुक्त न होने पर मंडलायुक्त ने नाराजगी जताई। सोनभद्र में चार विद्यालयों में स्वीकृत शिक्षण कक्षों का निर्माण लंबित पाया गया। भदोही में 2025-26 के 13 और 2026-27 के एक इंटरलॉकिंग कार्य पर समय बीतने के बाद भी काम शुरू न होने तथा प्रथम किस्त जारी नहीं होने पर भी नाराजगी व्यक्त की गई।

मंडलायुक्त ने मुख्य विकास अधिकारियों को निर्माण संस्थाओं के साथ साप्ताहिक समीक्षा करने और सभी लंबित कार्य समय से पूरा कराने के निर्देश दिए। बैठक में संबंधित जिलाधिकारियों, सीडीओ, परियोजना निदेशकों और सांसद प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story