केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने किया ‘विंध्य प्रसादम’ व गिफ्ट बॉक्स का शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने किया ‘विंध्य प्रसादम’ व गिफ्ट बॉक्स का शुभारंभ


मीरजापुर, 16 मई (हि.स.)। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने शनिवार को राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) से जुड़ी स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा तैयार “विंध्य प्रसादम” एवं “विंध्य गिफ्ट बॉक्स” का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष सोहन लाल श्रीमाली, विधायक रिंकी कोल, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक, मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि “विंध्य प्रसादम” बॉक्स “वोकल फॉर लोकल” और महिला सशक्तिकरण का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने कहा कि एनआरएलएम समूह की महिलाओं ने स्थानीय उत्पादों, पारंपरिक व्यंजनों और हस्तशिल्प को जोड़कर इस विशेष गिफ्ट बॉक्स को तैयार किया है, जिससे ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने बताया कि विंध्याचल आने वाले श्रद्धालुओं के लिए समूह की महिलाओं द्वारा तैयार “विंध्य प्रसादम” उपलब्ध कराया जाएगा, जिसमें चुनरी से लेकर पूजा सामग्री और प्रसाद तक शामिल रहेगा। इसके लिए विंध्य कॉरिडोर में विशेष स्थान भी चिन्हित किया गया है।

जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने बताया कि “विंध्य प्रसादम बॉक्स” में चुनरी, रुद्राक्ष माला, अगरबत्ती, धूपबत्ती, दौना-पत्ता, कदंब बीज, शिवपुर का पेड़ा, घी-गुड़ सहित विभिन्न धार्मिक सामग्री शामिल है, जिसकी कीमत दो हजार रुपये निर्धारित की गई है।

वहीं “विंध्य गिफ्ट बॉक्स” में अचार, मसाले, सत्तू, पापड़, मोरिंगा पाउडर, घरेलू उपयोग की सामग्री सहित स्थानीय उत्पाद शामिल किए गए हैं। इसकी कीमत 1282 रुपये निर्धारित की गई है। मंत्री ने इस पहल के लिए प्रशासन एवं स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की सराहना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story