पर्यटन मंत्री ने किया 6.45 करोड़ के पर्यटन विकास कार्यों का लोकार्पण

WhatsApp Channel Join Now
पर्यटन मंत्री ने किया 6.45 करोड़ के पर्यटन विकास कार्यों का लोकार्पण


फिरोजाबाद, 01 नवंबर (हि.स.)। सिरसागंज को पर्यटन के मानचित्र पर नई पहचान दिलाने की दिशा में रविवार को उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने ओंकारेश्वर महादेव मंदिर परिसर में आयोजित समारोह में 6 करोड़ 45 लाख 58 हजार रुपये की लागत से विकसित वेद उपवन पार्क और जदुद्वारा स्थल का लोकार्पण किया।

इस अवसर पर पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने नगर पालिका परिषद सिरसागंज की ओर से 2 करोड़ 37 लाख रुपये की लागत से कराए जाने वाले विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास भी किया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से सिरसागंज में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार के साथ ही नागरिकों, विद्यार्थियों और युवाओं को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। पर्यटन विभाग द्वारा वेद उपवन पार्क का विकास 4 करोड़ 38 लाख 18 हजार रुपये तथा जदुद्वारा स्थल का पर्यटन विकास एवं सौंदर्यीकरण 2 करोड़ 7 लाख 40 हजार रुपये की लागत से कराया गया है। वेद उपवन पार्क को विशेष रूप से वेदों की थीम पर विकसित किया गया है। इसकी संरचना, साज-सज्जा और वातावरण भारतीय वैदिक संस्कृति एवं परंपराओं को प्रदर्शित करने के उद्देश्य से तैयार किया गया है।

वहीं नगर पालिका परिषद सिरसागंज द्वारा करहल रोड पर 1 करोड़ 38 लाख रुपये की लागत से डिजिटल लाइब्रेरी, 76 लाख रुपये से चिल्ड्रेन पार्क तथा 23 लाख रुपये की लागत से नगर पालिका परिषद में रिकॉर्ड रूम का निर्माण कराया जाएगा। डिजिटल लाइब्रेरी से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों और युवाओं को आधुनिक अध्ययन सुविधाएं मिलेंगी, जबकि चिल्ड्रेन पार्क बच्चों के मनोरंजन एवं खेलकूद के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध कराएगा।

पर्यटन मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार पर्यटन स्थलों के विकास, धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण तथा स्थानीय स्तर पर पर्यटन सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि पर्यटन केवल घूमने-फिरने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने, रोजगार के अवसर पैदा करने और क्षेत्र के समग्र विकास का भी महत्वपूर्ण माध्यम है।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य विकास योजनाओं को केवल कागजों तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उनका लाभ आमजन तक पहुंचाना है। नगर पालिका द्वारा डिजिटल लाइब्रेरी, चिल्ड्रेन पार्क और रिकॉर्ड रूम के निर्माण से नगरवासियों को सुविधाएं मिलेंगी। विशेष रूप से डिजिटल लाइब्रेरी विद्यार्थियों और युवाओं के लिए उपयोगी साबित होगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि सिरसागंज क्षेत्र के विकास और पर्यटन की संभावनाओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाते रहेंगे।

कार्यक्रम में उपस्थित जिलाधिकारी संतोष शर्मा ने कहा कि जनपद फिरोजाबाद में विकास की संभावनाओं को धरातल पर उतारने के लिए जिला प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।

कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, नगर पालिका चेयरमैन रंजना गुरुदत्त सिंह, महेश मित्तल, राकेश मित्तल, रमाकांत गुप्ता सहित सैकड़ों की लोग संख्या में उपस्थित रहे ।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770764 Articles

Share this story