मीरजापुर: नरायनपुर पुलिस चौकी में दो मंजिला आरक्षी बैरक का शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
मीरजापुर: नरायनपुर पुलिस चौकी में दो मंजिला आरक्षी बैरक का शुभारंभ


मीरजापुर, 25 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जनपद की पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने शनिवार को नरायनपुर पुलिस चौकी में जनसहयोग से निर्मित दो मंजिला आरक्षी बैरक का उद्घाटन किया। इस अवसर पर सीओ चुनार मंजरी राव से फीता कटवाया गया, जबकि शिलापट्ट का अनावरण आरक्षी प्रियंका के हाथों कराया गया।

कार्यक्रम से पूर्व विद्वान ब्राह्मणों सावन तिवारी, शशांक ब्यास और मौसम पाठक की टीम ने चौकी परिसर स्थित शिव मंदिर में पुलिस अधीक्षक के हाथों भगवान शिव का विधिवत पूजन कराया। इसके बाद गौरी-गणेश व कलश पूजन संपन्न हुआ और बैरक का उद्घाटन किया गया।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्रीय नागरिकों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बैरक बनने से पुलिसकर्मियों को बेहतर सुविधा मिलेगी और वे अधिक तत्परता के साथ क्षेत्र की सेवा कर सकेंगे। नरायनपुर में रिपोर्टिंग चौकी बनाने की मांग पर उन्होंने कहा कि भविष्य में आबादी बढ़ने पर इसे थाना बनाया जा सकता है।

कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक राजकुमार मीणा, प्रभारी निरीक्षक अदलहाट अजय कुमार सेठ, थाना अहरौरा प्रभारी अजय कुमार मिश्रा, चौकी प्रभारी नरायनपुर आशुतोष शुक्ला सहित पुलिस बल मौजूद रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story