विधायक रिंकी कोल ने किया विंध्य फूड कार्ड का उद्घाटन, समूह की महिलाओं को स्वरोजगार बढ़ाने का दिया संदेश

WhatsApp Channel Join Now
विधायक रिंकी कोल ने किया विंध्य फूड कार्ड का उद्घाटन, समूह की महिलाओं को स्वरोजगार बढ़ाने का दिया संदेश


मीरजापुर, 09 जून (हि.स.)। छानवे विधायक रिंकी कोल ने मंगलवार को हलिया ब्लॉक परिसर में आजीविका स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को विंध्य फूड कार्ड वितरित कर उसका फीता काटकर उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने महिलाओं को स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में शिव गुरु आजीविका स्वयं सहायता समूह, चांद आजीविका स्वयं सहायता समूह, शिव आजीविका सहायता समूह सहित कुल पांच समूहों की महिलाओं को फूड कार्ड प्रदान किए गए। विधायक रिंकी कोल ने कहा कि समूह की महिलाएं बाजार में फूड कार्ड के माध्यम से अपने उत्पादों और खाद्य सामग्री की बिक्री कर आय बढ़ा सकती हैं तथा अपनी आजीविका को मजबूत बना सकती हैं।

इस दौरान समूह की महिलाओं ने ब्लॉक परिसर में चाट, फूलकी, बाटी-चोखा और समोसे सहित विभिन्न व्यंजन तैयार किए। विधायक ने स्वयं इन व्यंजनों का स्वाद चखा और महिलाओं के प्रयासों की सराहना की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) विजय शंकर त्रिपाठी ने स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी और महिलाओं से उनका लाभ उठाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर एडीओ पंचायत रूपेश श्रीवास्तव, एडीओ नरेंद्र कानापुरिया, सीएम फेलो गौरव तथा स्वयं सहायता समूहों की बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story