लोकतंत्र में विरोध का अधिकार, अराजकता का नहीं : लाल बहादुर

WhatsApp Channel Join Now
लोकतंत्र में विरोध का अधिकार, अराजकता का नहीं : लाल बहादुर


- भाजपा के ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत हुई प्रेसवार्ता

मीरजापुर, 02 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में बरौंधा कचार स्थित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जिला कार्यालय पर सोमवार को ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत प्रेसवार्ता आयोजित की गई। जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए संविधान का सम्मान और कानून का शासन सर्वोपरि है। लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक को अपनी बात रखने और शांतिपूर्ण विरोध करने का अधिकार है, लेकिन हिंसा, तोड़फोड़ और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की अनुमति किसी को नहीं है।

उन्होंने कहा कि भारत का लोकतंत्र संविधान, संवैधानिक संस्थाओं और नागरिक अधिकारों पर आधारित है। राजनीतिक मतभेदों का समाधान संवाद से होना चाहिए। राजनीतिक स्वार्थ के लिए समाज में वैमनस्य और तनाव पैदा करने के बजाय विकास, सुशासन और जनकल्याण के मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा होनी चाहिए। शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वालों के अधिकारों का सम्मान करते हुए कानून तोड़ने वालों पर निष्पक्ष कार्रवाई होनी चाहिए।

जिलाध्यक्ष ने संविधान का सम्मान, कानून का शासन, सामाजिक समरसता, नागरिक अधिकारों की रक्षा, सुशासन और जवाबदेही तथा युवाओं के उज्ज्वल भविष्य को प्राथमिकता देने का संकल्प दोहराया। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन करने की अपील की। साथ ही नागरिकों से अफवाहों से बचने, सामाजिक सौहार्द बनाए रखने और कानून का सम्मान करने का आह्वान किया। प्रेसवार्ता का संचालन जिला मीडिया प्रभारी भावेश शर्मा ने किया। इस दौरान जिला मंत्री कुंवर अनिल सिंह, जिला मीडिया सह प्रभारी रतन कुमार सिंह, शुभम जायसवाल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

------------------------

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771321 Articles

Share this story