फिर बिगड़ने वाला है उत्तर प्रदेश का मौसम, 26 मार्च से बारिश और आकाशीय बिजली कड़कने का पूर्वानुमान

WhatsApp Channel Join Now
फिर बिगड़ने वाला है उत्तर प्रदेश का मौसम, 26 मार्च से बारिश और आकाशीय बिजली कड़कने का पूर्वानुमान


लखनऊ, 25 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मौसम में बार-बार बदलाव हाे रहा है। लगातार सक्रिय हो रहे दो उत्तरोत्तर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले दिनों में दो नए पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होने से 26-27 मार्च एवं 29-31 मार्च तक बारिश का मौसम बने रहने का पूर्वानुमान है। इस अवधि में कई जिलों में वर्षा के साथ आकाशीय बिजली कड़कने और ओले गिरने की चेतावनी जारी की गई है।

उत्तर प्रदेश के मौसम में 20 व 21 मार्च को बदलाव आया और बारिश के बाद तापमान अब लुढ़क कर 30 से 35 डिग्री के बीच पहुंच गया। चार दिन प्रदेश का मौसम सामान्य रहने के बाद अब पुन: बारिश का सिलसिला शुरु होने वाला है। इसकी वजह है कि दो नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव का बढ़ना। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के लखनऊ केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 26 मार्च से उत्तर प्रदेश में आंधी-बारिश का मौसम देखने को मिल सकता है। उन्होंने बताया कि 26 मार्च से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिमी भारत को प्रभावित कर सकते हैं। इस कारण उत्तर प्रदेश के पश्चिमी हिस्से में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।

उत्तर प्रदेश में 26 मार्च से वर्षा की संभावना

अतुल कुमार सिंह वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रभारी एकीकृत प्रादेशिक मौसम पूर्वानुमान केंद्र ने बताया कि उत्तरी पाकिस्तान के आसपास के प्रभाव से 26 मार्च को पश्चिमी उत्तर प्रदेश से हल्की वर्षा का एक नया दौर शुरू होकर 27 मार्च को लखनऊ समेत पूर्वी उत्तर प्रदेश तक पहुँचने की संभावना है। इसके ठीक अगले दिन 28 मार्च को मौसम शुष्क रहने के उपरान्त 29 मार्च से अगले पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश में वर्षा का अगला दौर महीने के अन्त तक जारी रहने की संभावना है| इन दोनों मौसम तंत्रों के प्रभाव से तापमान में 2-3°C का उतार चढ़ाव जारी रहने की संभावना है|

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शिव सिंह

Share this story