यूपी की आईजीआरएस रैंकिंग में लखनऊ ने प्रदेश में प्रथम स्थान पाया

WhatsApp Channel Join Now
यूपी की आईजीआरएस रैंकिंग में लखनऊ ने प्रदेश में प्रथम स्थान पाया


लखनऊ, 06 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के एकीकृत जनसुनवाई शिकायत निवारण प्रणाली (आईजीआरएस) पोर्टल पर जन शिकायतों के त्वरित, संतोषजनक और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के मामले में पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ ने प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी कार्यप्रणाली का बेहतरीन प्रदर्शन किया है।

पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ ने सोमवार के जानकारी देते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संचालित जनसुनवाई समाधान पोर्टल (आईजीआरएस) पर शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण, समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण के क्रम में पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ ने माह जून-2026 की शासन की जारी रैंकिंग में शत-प्रतिशत अंक प्राप्त करते हुए प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।

यह उल्लेखनीय उपलब्धि पुलिस आयुक्त, कमिश्नरेट लखनऊ के कुशल नेतृत्व, संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध एवं मुख्यालय) के प्रभावी मार्गदर्शन तथा पुलिस उपायुक्त मुख्यालय एवं नोडल आईजीआरएस स्टाफ ऑफिसर, पुलिस आयुक्त कार्यालय के सतत निर्देशन एवं प्रभावी मॉनिटरिंग का परिणाम है।

जनसुनवाई शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता, गुणवत्ता, समयबद्धता एवं उत्तरदायित्व सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कमिश्नरेट स्तर पर निरंतर समीक्षा, प्रभावी अनुश्रवण तथा शिकायतकर्ताओं से फीडबैक प्राप्त करने की सुदृढ़ व्यवस्था विकसित की गई। इसी सतत प्रयास का परिणाम है कि कमिश्नरेट लखनऊ के 50 थानों ने भी शत-प्रतिशत अंक प्राप्त करते हुए प्रदेश में प्रथम स्थान अर्जित किया है।

यह उपलब्धि केवल प्रशासनिक दक्षता का परिचायक ही नहीं है, अपितु आमजन की शिकायतों के प्रति पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ की संवेदनशीलता, जवाबदेही एवं जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है। भविष्य में भी शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं त्वरित निस्तारण को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान करते हुए जनविश्वास को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

Share this story