श्रीराम के आदर्श अपनाने से जीवन में आएगी मर्यादा : अर्पिता अविनाशी

WhatsApp Channel Join Now
श्रीराम के आदर्श अपनाने से जीवन में आएगी मर्यादा : अर्पिता अविनाशी


- ड्रमंडगंज में सात दिवसीय श्रीराम कथा का शुभारंभ, भजन-कीर्तन से गूंजा पंडाल

मीरजापुर, 13 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर में ड्रमंडगंज बाजार स्थित पुराने बैरियर के पास जय मां कालिका उत्सव समिति की ओर से आयोजित सात दिवसीय श्रीराम कथा के पहले दिन सोमवार देर शाम श्रद्धालु भक्ति में लीन रहे। कथा वाचिका अर्पिता अविनाशी ने श्रीराम नाम की महिमा का वर्णन करते हुए उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया।

उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम का नाम लेने के साथ उनके आदर्शों पर चलना भी जरूरी है। सत्य, धर्म, त्याग, संयम और मर्यादा को विचारों और व्यवहार में उतारने से ही जीवन में राम के गुणों का संचार होता है। भगवान श्रीराम का जीवन त्याग, कर्तव्यनिष्ठा और मर्यादा की अनुपम मिसाल है। वनवास स्वीकार करने से लेकर विपरीत परिस्थितियों में धर्म के मार्ग पर अडिग रहने तक उनका जीवन सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।

कथा वाचिका ने परिवार और समाज में प्रेम, सहयोग, सद्भाव और भाईचारे की भावना मजबूत करने का आह्वान किया। कथा के दौरान भजन-कीर्तन और जय श्रीराम के जयघोष से पंडाल गूंजता रहा।

इस दौरान मनीष त्रिपाठी, पूर्व प्रधान मंगल दास जायसवाल, सतीश केशरी, छविनाथ तिवारी, राहुल जायसवाल और विकास केशरी सर्राफ सहित अन्य श्रद्धालु मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759859 Articles

Share this story