समाज कल्याण विभाग की निःशुल्क आईएएस और पीसीएस आवासीय कोचिंग योजना से सिविल सेवा का सपना होगा साकार

WhatsApp Channel Join Now

-18 मंडलों के 29 परीक्षा केंद्रों पर हुई प्रवेश परीक्षा, 6,844 अभ्यर्थियों ने लिया हिस्सा

- 865 चयनित विद्यार्थियों को मिलेगी निशुल्क आवासीय कोचिंग

लखनऊ, 05 जुलाई (हि.स.)। समाज कल्याण विभाग से संचालित निःशुल्क आईएएस-पीसीएस आवासीय कोचिंग योजना आर्थिक रूप से कमजोर एवं मेधावी अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के युवाओं के लिए प्रशासनिक सेवाओं तक पहुंचने का सशक्त माध्यम बन रही है। इसी क्रम में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए रविवार को प्रदेश के 18 मंडलों में बनाए गए 29 परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा के लिए 10,167 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जिनमें से 6,844 अभ्यार्थियों ने परीक्षा दी।

एक अगस्त से शुरू होंगी कक्षाएं

प्रवेश परीक्षा का परिणाम घोषित होने के बाद काउंसलिंग के माध्यम से चयनित अभ्यर्थियों को प्रदेश के सात आवासीय कोचिंग केंद्रों में प्रवेश दिया जाएगा। नियमित कक्षाएं एक अगस्त से शुरू होंगी और अगले साल 31 मई 2027 तक चलेगा।

865 विद्यार्थियों को मिलेगी मुफ्त आवासीय कोचिंग

प्रदेश के सात आवासीय कोचिंग केंद्रों में कुल 865 चयनित विद्यार्थियों को निःशुल्क आवासीय कोचिंग दी जाएगी। योजना में 25 प्रतिशत सीटें उन अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित हैं, जिन्होंने लेटरल एंट्री के माध्यम से प्रारंभिक परीक्षा पास की है। चयनित विद्यार्थियों को रहने और खाने की सुविधा, पुस्तकें, अध्ययन सामग्री, अनुभवी शिक्षकों का मार्गदर्शन और नियमित टेस्ट सीरीज सहित प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए आवश्यक सभी सुविधाएं पूरी तरह निशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।

प्रतिभाशाली युवाओं को हर संभव सहयोग देने के लिए सरकार प्रतिबद्ध

समाज कल्याण विभाग के निदेशक संजीव सिंह ने रविवार काे बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप विभाग का उद्देश्य है कि प्रदेश का कोई भी प्रतिभाशाली एवं मेधावी छात्र आर्थिक अभाव के कारण अपने सपनों से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य से विभाग चयनित अभ्यर्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, बेहतर शैक्षणिक वातावरण और सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है, ताकि वे संघ एवं राज्य लोक सेवा आयोग की प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

Share this story