नाली पर अतिक्रमण से सूखे पड़े सैकड़ों एकड़ खेत, पानी न मिलने से धान की रोपाई ठप

WhatsApp Channel Join Now
नाली पर अतिक्रमण से सूखे पड़े सैकड़ों एकड़ खेत, पानी न मिलने से धान की रोपाई ठप


- एसडीएम के निर्देश के बाद भी नहीं हटा अतिक्रमण, किसानों ने डीएम से लगाई गुहार

मीरजापुर, 04 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर में जमालपुर विकास खंड की ग्राम पंचायत मठना में सिंचाई नाली पर अतिक्रमण के कारण सैकड़ों एकड़ कृषि भूमि पर धान की रोपाई प्रभावित हो गई है। पानी खेतों तक नहीं पहुंचने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। किसानों ने जिलाधिकारी से नाली से अतिक्रमण हटवाकर सिंचाई व्यवस्था बहाल कराने की मांग की है।

किसानों का आरोप है कि गांव की नहर से दक्षिण दिशा की ओर जाने वाली सिंचाई नाली को कुछ लोगों ने पाट दिया है। इससे खेतों तक पानी पहुंचना बंद हो गया है और धान की रोपाई समय से नहीं हो पा रही है। कई किसानों के खेत अब भी परती पड़े हैं, जिससे फसल उत्पादन प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है।

ग्रामीणों के अनुसार एक सप्ताह पहले उपजिलाधिकारी ने मौके का निरीक्षण कर नाली पर हुए अतिक्रमण को देखा था और ग्राम प्रधान को इसे हटाने का निर्देश दिया था। इसके बावजूद अब तक न तो अतिक्रमण हटाया गया और न ही नाली की सफाई कराई गई।

किसानों का कहना है कि यदि जल्द सिंचाई व्यवस्था बहाल नहीं हुई तो धान की रोपाई पूरी तरह पिछड़ जाएगी, जिससे आर्थिक संकट गहरा सकता है। उन्होंने कहा कि फसल प्रभावित होने पर बच्चों की पढ़ाई, इलाज और शादी-ब्याह जैसे जरूरी खर्च पूरे करना भी मुश्किल हो जाएगा। वहीं ग्राम प्रधान प्रतिनिधि गंगाराम ने बताया कि उपजिलाधिकारी के निर्देश के बाद अतिक्रमण हटाने के लिए संबंधित लोगों से बातचीत की जा रही है और समस्या के समाधान का प्रयास किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story