उप्र में जनगणना 2027 के प्रथम चरण मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण
लखनऊ, 20 जून (हि.स.)। जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत उत्तर प्रदेश में 22 मई 2026 से 20 जून 2026 तक संचालित मकान-सूचीकरण एवं मकान जनगणना (House Listing & Housing Census) का कार्य निर्धारित समयावधि में शत-प्रतिशत (100%) सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है। यह उत्तर प्रदेश के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है।
उत्तर प्रदेश राज्य के समस्त प्रशासनिक इकाइयों 75 जिलों, 350 तहसीलों, 17 नगर निगमों, 200 नगर पालिका परिषदों, 545 नगर पंचायतों, 13 छावनी परिषद, 8 औद्योगिक टाउनशिप के 1195 चार्जों में लगभग 1.04 लाख ग्रामों एवं 14983 वार्डों में 390717 मकान सूचीकरण ब्लॉक में यह कार्य सम्पन्न हुआ, जिसमें लगभग 5.00 लाख प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
उत्तर प्रदेश जनगणना कार्य निदेशालय की ओर से शनिवार को जारी जानकारी में बताया गया कि इस सफल अभियान के अवसर पर मुख्य सचिव, उत्तर प्रदेश शासन एवं भारत के महारजिस्ट्रार एवं जनगणना आयुक्त के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन अथक सहयोग के लिए विशेष आभार प्रकट करता है।
इस ऐतिहासिक कार्य की सफलता में राज्य सरकार के समस्त विभागों, सभी जिलाधिकारियों (PCOs), नगर आयुक्तों, जिला जनगणना अधिकारियों, अपर नगर आयुक्तों, चार्ज अधिकारियों (Charge Officers) तथा अन्य समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों का योगदान सराहनीय रहा है। विशेष रूप से एनआईसी (NIC) के जिला सूचना विज्ञान अधिकारियों (DIO NIC) का तकनीकी सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण रहा, जिसके लिए उन्हें विशेष धन्यवाद दिया जाता है।
इस महाभियान की आधारशिला हमारे क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं - प्रगणकों (Enumerators) एवं पर्यवेक्षकों (Supervisors) के अदम्य परिश्रम एवं समर्पण पर टिकी है। इन समस्त कर्मठ क्षेत्रीय कार्मिकों को हृदय से अभिनंदन एवं धन्यवाद दिया जाता है, जिन्होंने ग्रीष्म ऋतु में भी अपने दायित्व का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया।
मीडिया जगत के समस्त प्रतिनिधियों का विशेष आभार प्रकट किया जाता है, जिन्होंने इस अभियान को जन-जन तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। साथ ही उत्तर प्रदेश की जनता का भी हार्दिक धन्यवाद है, जिन्होंने प्रगणकों को अपने घरों में स्वागत करते हुए सूचनाएं प्रदान करने में पूर्ण सहयोग दिया। यह सामूहिक प्रयास जनगणना 2027 को सफल बनाने की दिशा में एक सुदृढ़ आधार प्रदान करता है।
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

