यूपी के काशी में होटल उद्यम से जुड़े सभी उद्यमियों का स्वागत, सरकार आपके साथ: सतीश महाना

WhatsApp Channel Join Now
यूपी के काशी में होटल उद्यम से जुड़े सभी उद्यमियों का स्वागत, सरकार आपके साथ: सतीश महाना


वाराणसी, 21 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद वाराणसी में एक प्रतिष्ठित होटल में शुक्रवार को फेडरेशन ऑफ होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन्स ऑफ इंडिया (एफएचआरएआई) के 56वें वार्षिक सम्मेलन की दीप प्रज्ज्वलित कर शुरुआत हुई। एफएचआरएआई के तीन दिवसीय वार्षिक सम्मेलन में मुख्य अतिथि रहे विधान सभा के अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा कि उत्तर प्रदेश के काशी में बाबा विश्वनाथ की नगरी में होटल उद्यम से जुड़े सभी उद्यमियों का स्वागत है। आप सभी देश की अर्थ व्यवस्था को मजबूत कीजिए, हमारी सरकार आपके साथ है। हमारी सरकार आपको सुरक्षा दे रही है। प्रदेश सरकार ने भयमुक्त वातावरण दे दिया है।

इससे पहले एफएचआरएआई के अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार जायसवाल ने अतिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि काशी में इस कार्यक्रम को करने की हिम्मत रविन्द्र जायसवाल से मिली। छह महीने से मेरे दोस्त गिरीश ओबेरॉय और हम अपने परिवार से दूर है, तभी यह आयोजन कर पाने की स्थिति बनी है। आज से शुरू हो रहे कार्यक्रम में हम काशी में निवास करने वाले सभी विभूतियों जिन्हें भारत रत्न, पद्म पुरस्कार मिला है, उनके परिवार के सदस्य कार्यक्रम में आए हैं और हम उन्हें सम्मान दे रहे हैं।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि रहे मेवाड़ के राजा और उद्यमी डॉ लक्ष्यराज सिंह ने कहा कि हिंदी भाषा का उपयोग करना और हिंदी पर गर्व करना चाहिए। अंग्रेजी हमे ए से ऐपल से सीखते हुए जेड से जीरो पर समाप्त होती है। वही, हिंदी भाषा हमे अ से अनपढ़ से शुरू कर के ज्ञ से ज्ञान तक सिखाती है। आज इस अवसर पर 22 राज्यों के होटल व्यवसायी उद्यमी आए है, यह प्रत्यक्ष दिख रही तपस्या ही है। यह सम्मेलन में युवा भी आए है, हमे पर्यटन और तकनीक को लेकर चलना है।

विशेष अतिथि रहे मंत्री स्वतंत्र प्रभार रविन्द्र जायसवाल ने कहा कि एफएचआरएआई ने शामिल कर दिया है, ई राजा बनारस हो इहा दिल बड़ा हौ। अंग्रेज व्यापार करने आए थे, जो हमे गुलाम बनाए थे। आज भारत ने अंग्रेजों को पीछे छोड़ दिया और चौथे स्थान की इकोनॉमी बन गई है। हम विश्व की अर्थ व्यवस्था में तीसरे स्थान पर पहुंच जाएंगे, जिसमें होटल व्यवसाय का मुख्य योगदान होगा।

एफएचआरएआई के तीन दिवसीय सम्मेलन का मुख्य विषय अनंत काशीः अध्यात्म, संस्कृति, व्यंजन एवं शिल्प के माध्यम से पर्यटन के भविष्य रखा गया है। इंडियन होटल्स कंपनी (ताज होटल) के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी पुनीत छटवाल, आईटीसी होटल्स के प्रबंध निदेशक अनिल चड्डा सहित रेडिसन, हिल्टन, आईएचजी, बायन धाम और लेमन ट्री जैसी वैश्विक हॉस्पिटैलिटी कंपनियों के मालिक और शीर्ष अधिकारी भी प्रथम सत्र में शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शरद

Share this story