कानपुर : बच्चे को थप्पड़ मारने का विरोध करने पर परिवार पर फेंकी खौलती चाय, दादी, पिता और भाई झुलसे

WhatsApp Channel Join Now
कानपुर : बच्चे को थप्पड़ मारने का विरोध करने पर परिवार पर फेंकी खौलती चाय, दादी, पिता और भाई झुलसे


कानपुर, 01 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर के जाजमऊ के मखदूम नगर में शनिवार को 11 वर्षीय बच्चे को थप्पड़ मारने का विरोध करना एक परिवार को भारी पड़ गया। आरोप है कि शिकायत करने पहुंचे परिजनों पर आरोपितों ने खौलती चाय फेंक दी, जिससे दादी, पिता और पुत्र झुलस गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजकर मुकदमा दर्ज किया और मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

मखदूम नगर निवासी मुरसत अली ने बताया कि उनका 11 वर्षीय भतीजा दादी के लिए चाय लेने पास की दुकान पर गया था। आरोप है कि दुकान संचालक दानिश ने किसी बात पर बच्चे को थप्पड़ मार दिया। रोते हुए घर पहुंचे बच्चे ने परिजनों को पूरी घटना बताई।

इसके बाद बच्चे के चाचा किस्मत अली और भतीजे आसिम आरोपित से शिकायत करने उसके घर पहुंचे। आरोप है कि वहां दानिश और उसके साथी शाहूद ने गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट पर उतारू हो गए। शोर सुनकर किस्मत अली की मां जेबुन निशा भी मौके पर पहुंच गईं। इसी दौरान आरोपितों ने परिवार पर खौलती चाय फेंक दी, जिससे जेबुन निशा, किस्मत अली और आसिम झुलस गए।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आरोपित वहां से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और तीनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। पीड़ित परिवार का आरोप है कि शिकायत दर्ज कराने के बाद भी कुछ लोग उनके घर पहुंचकर समझौते का दबाव बनाते रहे। किस्मत अली का कहना है कि घटना का विरोध करने पर उनके परिवार को गोली मारने की धमकी भी दी गई, जिससे परिवार में दहशत का माहौल है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्य आरोपित पहले भी एक जूता दुकानदार पर धारदार हथियार से हमला कर चुका है।

एसीपी कैंट प्रियंका बाजपेयी ने बताया कि तीनों घायलों का अस्पताल में उपचार कराया गया है। पीड़ित की तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मुख्य आरोपित दानिश को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story