लखनऊ में 3729 स्थलों पर होगा होलिका दहन, होलिका स्थलों पर तैनात रहेगी पुलिस

WhatsApp Channel Join Now
लखनऊ में 3729 स्थलों पर होगा होलिका दहन, होलिका स्थलों पर तैनात रहेगी पुलिस


लखनऊ, 28 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में 3729 होलिका दहन होगा। त्योहार को शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से शहर और ग्रामीण इलाकों में पर्याप्त पुलिस प्रबंध किए गये हैं।

संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था बबलू कुमार ने शनिवार को बताया कि होलिका दहन और होली पर्व को लेकर लखनऊ पुलिस ने व्यापक सुरक्षा और यातायात व्यवस्था लागू कर दी है। सभी चिन्हित होलिका स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

उन्होंने बताया कि 02 मार्च को होलिका दहन किया जाएगा। 03 और 04- मार्च को रंग खेला जायेगा। कुछ स्थलों पर रंग डालने तथा होली मिलन कार्यक्रम होली के बाद भी आयोजित किये जाते हैं। होली के अवसर पर आयोजित होने वाले होली मिलन समारोह व मेलों के दौरान कानून व्यवस्था के व्यापक पुलिस प्रबन्ध किया गया है।

होली पर्व के अवसर पर कमिश्नरेट लखनऊ में कुल 3729 होलिका स्थल चिन्हित करते हुए व्यापक पुलिस प्रबन्ध किया गया है। इस दौराना चार अपर पुलिस उपायुक्त (एडीसीपी), 12 सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी)। 19 निरीक्षक, 72 उप-निरीक्षक, 400 मुख्य आरक्षी व आरक्षी तैनात किया गया है। यातायात व्यवस्था को लेकर 22 निरीक्षक, 75 उप-निरीक्षक, 80 होमगार्ड, 660 मुख्य आरक्षी व आरक्षी की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा 14 कंपनी पीएसी के अलावा एलआईयू की ड्यूटी लगाई गई हैं।

बबलू कुमार ने कहाकि समस्त पुलिस, प्रशासनिक एवं सुरक्षा इकाइयों की संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित कर ड्यूटी पॉइंट, रूट प्लानिंग और वीवीआईपी प्रोटोकॉल की जानकारी दी गई है। सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए रूट रिहर्सल भीड़ प्रबंधन हेतु गहन मॉक-ड्रिल संपन्न की गई है। पूरे क्षेत्र की चौबीस घंटे सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है, जिसका नियंत्रण एक विशेष कंट्रोल रूम से होगा। सोशल मीडिया के माध्यम से पुलिस द्वारा 24 घण्टे सर्तक दृष्टि रखी जायेगी। आयोजन स्थल तक के मार्गों पर विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है। जनसाधारण की सुविधा के लिए यातायात परामर्श (एडवाईजरी) अलग से जारी की जा रही है।

संयुक्त पुलिस आयुक्त ने कहा कि लखनऊ पुलिस होली पर्व के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। समस्त पुलिस कर्मियों को व्यवहारिक और संवेदनशील संवाद के लिए प्रशिक्षित किया गया है। जनता से अनुरोध है कि वे सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करें और पुलिस की ओर से समय-समय पर जारी किए गए यातायात डायवर्जन का पालन करें।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

Share this story