धूमधाम से मनमोहक झांकियों के साथ निकली रामडोल शोभायात्रा
मुरादाबाद, 02 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मुरादाबाद के कटघर स्थित डिप्टी साहब के मंदिर से सोमवार को रामडोल शोभायात्रा निकाली गई। इसमें श्रद्धालु अबीर-गुलाल की बौछार करते रहे। क्षेत्रवासियों ने भी पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। लोगों ने श्रीराम की मूर्तियों की आरती की और भगवान के गुलाल लगाकर होली की बधाई दी। इसमें शामिल झांकियों ने मंत्रमुग्ध कर दिया। रामडोल शोभायात्रा का शुभांरभ भाजपा नगर विधायक रितेश गुप्ता ने नारियल फोड़ कर किया। इसके साथ ही होली गीत और जयकारे गूंजने लगे। डीजे से होली गीत पर लोग झूमने लगे।
शोभायात्रा पचपेड़ा, डिप्टी साहब के अस्पताल, कटघर बीच होली के मैदान स्थित बालाजी दरबार पहुंची, जहां महंत एवं जगदाचार्य जगत गुरु राघवेंद्री महाराज ने आरती कर स्वागत किया। इसके बाद शोभायात्रा सिंहमन हजारी, छोटी सब्जी मंडी, मकबरा आदि क्षेत्रों में भ्रमण कर अटल घाट कटघर के पास स्थित रामगंगा मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। व्यवस्था में अध्यक्ष शिव कुमार सिंह, आरके सूर्य, गोविंद पाल, राम सिंह, श्याम सिंह, सचिन सिंह, बृजेंद्र सिंह, राम बहादुर आदि रहे।
-------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

