हाइटेंशन लाइन की चपेट में आने से चार बच्चे झुलसे
फिरोजाबाद, 20 सितंबर (हि.स.)। जनपद फिरोजाबाद में थाना रसूलपुर क्षेत्र के शांतिनगर आसफाबाद में रविवार को हाईटेंशन लाइन में खराबी के बाद विद्युत लाइन से चिपकने और तेज धमाके से क्षेत्र में अफरा तफरी मच गई। हाइटेंशन लाइन की चपेट में आने से घर की छत पर कबूतर उड़ा रहे चार बच्चे भी झुलस गए। जिन्हें परिजनों ने अस्पताल में भर्ती कराया है।
थाना रसूलपुर क्षेत्र के शांतिनगर आसफाबाद में रविवार को हाईटेंशन लाइन में खराबी के बाद उसका तार घरेलू बिजली लाइन के संपर्क में आ गया। क्षेत्रीय लोगों के अनुसार तेज धमाके के साथ करीब 50 घरों में अचानक करंट दौड़ गया। अचनक वोल्टेज बढ़ने से कई घरों के मीटर और बिजली उपकरण जल गए। नारायण सिंह के घर के बिजली मीटर में आग लग गई और आग तेजी से फैलने लगी। उस समय परिवार के चार बच्चे संजना (17), नीतू (13), राजन (7) और ऋषभ (8) छत पर थे। आरोप है कि हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आने से चारों झुलस गए। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें सरकारी ट्रॉमा सेंटर ले गए। हादसे में मोहल्ले के कई घरों में टीवी, पंखे और अन्य बिजली उपकरण जल गए। महेश के मकान का लिंटर भी चटक गया और उसका मीटर जल गया। अचानक हुए धमाके और आग के बाद पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शांतिनगर में कई मकानों के ऊपर से हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। लोगों के मुताबिक, टावर वाली करीब 2.20 लाख वोल्ट की लाइन घरों के ठीक ऊपर से निकली है। लोगों ने इसे लेकर पहले भी चिंता जताए जाने की बात कही है।
हादसे के बाद बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि बिजली विभाग से हादसे के कारण की जानकारी मांगी गई है। जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी। हादसे के बाद मोहल्ले में दहशत का माहौल है।
भाजपा विधायक मनीष असीजा ने अस्पताल पहुंचकर झुलसे बच्चों के परिजनों से मुलाकात की और घटना की जानकारी ली है। उन्होंने परिजनों को मदद का भरोसा दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

