उत्तर प्रदेश ने रचा बिजली आपूर्ति का नया इतिहास, 32,673 मेगावाट मांग पूरी कर देश में बनाया रिकॉर्ड
- देश में सबसे ज्यादा बिजली सप्लाई करने वाला राज्य बना उत्तर प्रदेश
- ऊर्जा क्षेत्र में यूपी की बड़ी छलांग, महाराष्ट्र का रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ा
लखनऊ, 04 अगस्त (हि.स.)। भीषण गर्मी के दौर में उत्तर प्रदेश ने बिजली आपूर्ति के क्षेत्र में नया इतिहास रच दिया है। उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) ने राज्य में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करते हुए देश में सर्वाधिक बिजली मांग पूरी करने का नया राष्ट्रीय कीर्तिमान स्थापित किया है।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, 24 जून 2026 को उत्तर प्रदेश ने 32,673 मेगावाट की अधिकतम बिजली मांग की सफल आपूर्ति की। यह किसी भी राज्य द्वारा अब तक की गई सबसे अधिक बिजली आपूर्ति मानी जा रही है। इससे पहले उत्तर प्रदेश में अधिकतम मांग का रिकॉर्ड 31,486 मेगावाट था, जिसे इस वर्ष पीछे छोड़ दिया गया।
यूपीपीसीएल के अनुसार, मई से 29 जुलाई तक के 90 दिनों में उत्तर प्रदेश 49 दिन देश में सबसे अधिक बिजली आपूर्ति करने वाला राज्य रहा। वहीं 32 दिन राज्य दूसरे स्थान पर रहा। लगातार ऊंची मांग के बावजूद निर्बाध आपूर्ति बनाए रखना राज्य की विद्युत व्यवस्था की क्षमता और प्रबंधन का संकेत माना जा रहा है। विशेष बात यह रही कि उत्तर प्रदेश ने पांच अलग-अलग दिनों में महाराष्ट्र की अब तक की सर्वाधिक पीक डिमांड 32,317 मेगावाट से भी अधिक बिजली की आपूर्ति की। इससे राज्य के बिजली उत्पादन, खरीद, ट्रांसमिशन और वितरण तंत्र की मजबूती उजागर हुई है।
पावर कॉरपोरेशन का कहना है कि बढ़ती मांग के अनुरूप अग्रिम तैयारी, अतिरिक्त बिजली खरीद, ट्रांसमिशन नेटवर्क के सुदृढ़ीकरण और रियल टाइम मॉनिटरिंग के कारण यह उपलब्धि संभव हो सकी। विभाग के अधिकारियों ने इसे उत्तर प्रदेश की ऊर्जा अवसंरचना में हुए व्यापक सुधारों का परिणाम बताया है।
ऊर्जा क्षेत्र के जानकारों का मानना है कि रिकॉर्ड बिजली आपूर्ति से उद्योगों, कृषि और घरेलू उपभोक्ताओं को राहत मिली है तथा राज्य की अर्थव्यवस्था को भी गति मिलेगी। लगातार बढ़ती मांग के बीच यह उपलब्धि उत्तर प्रदेश को देश के अग्रणी ऊर्जा राज्यों की श्रेणी में और मजबूत करती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ .राजेश

