मीरजापुर : स्वामी अड़गड़ानंद का आशीर्वाद लेने पहुंचे हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति, सिद्धनाथ की दरी देख हुए मंत्रमुग्ध

WhatsApp Channel Join Now
मीरजापुर : स्वामी अड़गड़ानंद का आशीर्वाद लेने पहुंचे हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति, सिद्धनाथ की दरी देख हुए मंत्रमुग्ध


- सपरिवार परमहंस आश्रम में किया दर्शन-पूजन, झरने और प्राकृतिक सुंदरता का उठाया आनंद

मीरजापुर, 12 नवंबर (हि.स.)। इलाहाबाद उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति महिपाल सिंह गुरुवार को सपरिवार चुनार क्षेत्र के सक्तेशगढ़ स्थित परमहंस आश्रम पहुंचे। दोपहर करीब एक बजे उन्होंने परम पूज्य स्वामी अड़गड़ानंद महाराज का दर्शन कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान आश्रम के संतों ने उनका स्वागत किया। मीरजापुर के डीएफओ राकेश कुमार भी मौजूद रहे।

स्वामी अड़गड़ानंद महाराज ने न्यायमूर्ति और उनके परिवार के सदस्यों को आशीर्वचन दिया तथा सुख-समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। महाराज ने सभी को प्रसाद भी वितरित किया। इस दौरान आध्यात्मिक चर्चा हुई। न्यायमूर्ति ने आश्रम की व्यवस्थाओं और महाराज के प्रवचनों की सराहना की। आश्रम में दर्शन के बाद न्यायमूर्ति महिपाल सिंह परिवार के साथ सिद्धनाथ की दरी पहुंचे। वहां पहाड़ों से गिरते झरने, हरी-भरी वादियों और प्राकृतिक सौंदर्य को देखकर वह मंत्रमुग्ध हो गए। उन्होंने इस स्थल को प्रकृति का अनुपम वरदान बताते हुए कहा कि यहां का शांत वातावरण मन को सुकून देता है।

इस दौरान उन्होंने वन में उगे मकोय का स्वाद भी चखा। इसे खाते ही उन्हें बचपन की यादें ताजा हो गईं। परिवार के सदस्यों ने भी दरी के प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लिया और तस्वीरें खिंचवाईं। इस मौके पर वन दरोगा अंकित कुशवाहा, चौकी प्रभारी महेंद्र यादव, हेड कांस्टेबल नागेंद्र यादव, आश्रम के संतजन और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775826 Articles

Share this story