‘गोल्डन ऑवर’ में मददगार बनें, मिलेगा इनाम: सड़क सुरक्षा बैठक में डीएम के सख्त निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
‘गोल्डन ऑवर’ में मददगार बनें, मिलेगा इनाम: सड़क सुरक्षा बैठक में डीएम के सख्त निर्देश


मीरजापुर, 17 अप्रैल (हि.स.)। सड़क हादसों में घायल को समय पर अस्पताल पहुंचाने वालों को अब सम्मान और प्रोत्साहन मिलेगा। डीएम पवन कुमार गंगवार ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कहा कि राहवीर योजना के तहत मददगारों को 25-25 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। इसी क्रम में विपुल उपाध्याय और विकास यादव का चयन किया गया है।

बैठक में डीएम और एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने अधिकारियों को सड़क दुर्घटनाओं में 50 प्रतिशत कमी लाने का लक्ष्य याद दिलाते हुए ठोस रणनीति बनाने के निर्देश दिए। डीएम ने स्पष्ट कहा कि केवल कागजी कार्यवाही नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर सुधार दिखना चाहिए।

स्कूली वाहनों की जांच में प्रगति पर संतोष जताते हुए शेष वाहनों का फिटनेस परीक्षण जल्द पूरा करने को कहा गया। बिना नंबर प्लेट और गलत नंबर प्लेट वाले वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। इसके लिए परिवहन, खान और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित की गई है।

डीएम ने ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर उनका निरीक्षण करने, दुर्घटनाओं के कारणों का विश्लेषण करने और 1 जनवरी 2025 से अब तक की घटनाओं का पूरा ब्यौरा प्रस्तुत करने को कहा। साथ ही ऑटो और ई-रिक्शा के लिए रूट तय कर वाहनों पर चालक व स्वामी का विवरण अंकित कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि समाज की भी जिम्मेदारी है। समय पर मदद से कई जिंदगियां बचाई जा सकती हैं। बैठक में वरिष्ठ अधिकारी व व्यापारी संगठन के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story