मां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय में दो दिवसीय हार्टफुलनेस ध्यान सत्र शुरू
मीरजापुर, 24 जुलाई (हि.स.)। मां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. शोभा गौड़ के निर्देशन में शुक्रवार को विश्वविद्यालय के अस्थायी परिसर राजकीय महाविद्यालय, मझवां (उमरियां) में हृदयानुभूति आधारित दो दिवसीय हार्टफुलनेस ध्यान सत्र का शुभारंभ हुआ। पहले दिन दो ध्यान सत्र आयोजित किए गए, जिनमें विश्वविद्यालय के अधिकारियों, कर्मचारियों और विभिन्न महाविद्यालयों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
श्रीराम चंद्र मिशन (हार्टफुलनेस इंस्टीट्यूट) के प्रशिक्षक प्रो. गौरीशंकर द्विवेदी ने प्रातः 11 बजे और अपराह्न 3 बजे यौगिक ऊर्जा (प्राणाहुति) के माध्यम से ध्यान कराया। ध्यान सत्र के दौरान प्रतिभागियों ने अपने आध्यात्मिक अनुभव साझा किए और इसे मानसिक शांति एवं आत्मिक ऊर्जा प्रदान करने वाला बताया।
कार्यक्रम में मानविकी संकायाध्यक्ष प्रो. गौरीशंकर द्विवेदी, विज्ञान संकायाध्यक्ष प्रो. देवेंद्र पांडेय, कुलसचिव राम नारायण, परीक्षा नियंत्रक हरीश चंद, सहायक कुलसचिव अखिलेश कुमार मिश्र सहित विश्वविद्यालय के कर्मचारी एवं विभिन्न महाविद्यालयों से आए प्रबंधक उपस्थित रहे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि दो दिवसीय इस ध्यान सत्र का उद्देश्य शिक्षकों, कर्मचारियों और प्रतिभागियों में सकारात्मक सोच, मानसिक संतुलन एवं कार्यक्षमता का विकास करना है।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

