धन से बढ़कर है स्वास्थ्य, स्वस्थ व्यक्ति के लिए ही संपत्ति का महत्व : डॉ. पांडेय
- नीमा ने भगवान धन्वंतरि जयंती पर किया पूजन और यज्ञ
मीरजापुर, 06 नवंबर (हि.स.)। नरायनपुर के पुरुषोत्तमपुर स्थित महावीर लॉन के सभागार में शुक्रवार को भगवान धन्वंतरि की जयंती पर नेशनल इंटीग्रेटेड मेडिकल एसोसिएशन (नीमा) की नरायनपुर-चुनार शाखा की ओर से समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान भगवान धन्वंतरि की प्रतिमा का पूजन-अर्चन किया गया। आचार्य दिनेश आर्य ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यज्ञ संपन्न कराया।
समारोह के मुख्य अतिथि बीएचयू के चिकित्सा विज्ञान संस्थान (आईएमएस) में एनेस्थीसिया विभाग के पूर्व अध्यक्ष डॉ. डीएन पांडेय ने कहा कि भगवान धन्वंतरि को स्वास्थ्य का देवता माना जाता है। धनतेरस के दिन उनकी पूजा के साथ पांच दिवसीय दीपोत्सव की शुरुआत होती है। उन्होंने कहा कि दीपावली सुख, समृद्धि और स्वास्थ्य का पर्व है। धनतेरस पर धन के देवता कुबेर के साथ स्वास्थ्य के देवता धन्वंतरि की भी पूजा की जाती है। स्वस्थ व्यक्ति के लिए धन महत्वपूर्ण है, लेकिन अस्वस्थ व्यक्ति के लिए धन भी बेकार है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति के लिए स्वस्थ रहना बेहद जरूरी है।
कार्यक्रम का संचालन सचिव डॉ. सीबी तिवारी ने किया। अध्यक्ष डॉ. विवेकानंद और कोषाध्यक्ष डॉ. आरसी केसरी ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर डॉ. प्रमोद उपाध्याय, डॉ. पूनम सिंह, डॉ. अजीत सिंह, डॉ. अशोक शर्मा, डॉ. अरविंद सिंह, डॉ. अमरेश सिंह, डॉ. जयकुमार सिंह, डॉ. राजकुमारी सिंह और भोला नाथ सहित कई चिकित्सक मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

