शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रधानाध्यापिका मधुरिमा तिवारी सम्मानित
मीरजापुर, 05 सितंबर (हि.स.)। शिक्षक दिवस के अवसर पर शनिवार को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार एवं राज्य शिक्षक पुरस्कार प्राप्त पीएम श्री कंपोजिट स्कूल रानी कर्णावती की प्रधानाध्यापिका मधुरिमा तिवारी को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज ने पार्टी पदाधिकारियों के साथ विद्यालय पहुंचकर उन्हें सम्मानित किया और शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज ने कहा कि पीएम श्री कंपोजिट स्कूल रानी कर्णावती की व्यवस्थाओं और शैक्षणिक माहौल को देखकर लग रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सपने धरातल पर साकार हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालय को कॉन्वेंट स्कूल से भी बेहतर बनाने के लिए प्रधानाध्यापिका मधुरिमा तिवारी का प्रयास सराहनीय है। विद्यालय का शिक्षा मॉडल जिले ही नहीं, बल्कि प्रदेश और पूरे देश में पहचान बनाए, इसके लिए ऐसे प्रयासों को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। उनके कार्य से अन्य शिक्षकों को भी प्रेरणा मिलती है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लाइव प्रसारण को भी देखा गया।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष उदयभान तिवारी, सुनीता शर्मा, जिला मंत्री पूनम चौरसिया, मीडिया सह प्रभारी विजय शक्ति दुबे, शुभम जायसवाल, भाजयुमो जिला महामंत्री पुष्पेंद्र द्विवेदी, जय प्रकाश भारती, मंडल महामंत्री नगर पश्चिमी कृष्ण कुमार सिंह रिचू समेत भाजपा के अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने प्रधानाध्यापिका को शिक्षक दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

