विधान परिषद चुनाव की तैयारियों का जिलाधिकारी ने लिया जायजा, व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के दिये निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
विधान परिषद चुनाव की तैयारियों का जिलाधिकारी ने लिया जायजा, व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के दिये निर्देश


हाथरस, 20 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस में विधान परिषद के शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन को लेकर जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने गौरी शंकर हिंदू इंटर कॉलेज में बनाए गए मतदान बूथों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन की सभी तैयारियां समय से पूर्ण करने और मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मतदान केंद्रों पर प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति देखी। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों पर निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं होनी चाहिए, ताकि मतदाताओं के साथ ही निर्वाचन कार्य में लगे अधिकारियों एवं कर्मचारियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

जिलाधिकारी ने मतदान केंद्र पर प्रवेश और निकासी की व्यवस्था सुचारु बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि निरीक्षण के दौरान यदि किसी भी स्तर पर कोई कमी सामने आती है तो उसे तत्काल दूर कराया जाए। निर्वाचन प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से निर्वाचन संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी सिकंदराराऊ, क्षेत्राधिकारी पुलिस, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका सिकंदराराऊ सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764071 Articles

Share this story