धार्मिक स्थलों के आसपास मांस-मछली की दुकानों और अवैध बूचड़खानों को बंद कराने की मांग, विहिप-बजरंग दल ने सौंपा ज्ञापन

WhatsApp Channel Join Now
धार्मिक स्थलों के आसपास मांस-मछली की दुकानों और अवैध बूचड़खानों को बंद कराने की मांग, विहिप-बजरंग दल ने सौंपा ज्ञापन


हाथरस, 12 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस में मंदिरों एवं अन्य धार्मिक स्थलों के आसपास संचालित अंडा, मांस और मछली की दुकानों तथा अवैध बूचड़खानों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठी है। गुरुवार को विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन एडीएम प्रकाश कुमार काे सौंपकर ऐसे प्रतिष्ठानों की जांच कराने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

बजरंग दल के कार्यकर्ता मुकेश सूर्यवंशी ने बताया कि ज्ञापन में कार्यकर्ताओं ने कहा कि धार्मिक स्थलों के आसपास अंडा, मांस और मछली की दुकानों के संचालन से श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं प्रभावित होती हैं। इसके साथ ही स्वच्छता और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए प्रशासन को इस मामले में गंभीरता से कदम उठाने चाहिए। कार्यकर्ताओं ने विशेष रूप से इगलास फाटक के पास मधुगढ़ी में मथुरा रोड स्थित प्राचीन शिव मंदिर के आसपास संचालित अंडा, मांस और मछली की दुकानों का मुद्दा उठाया। वहीं सासनी गेट स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर के पीछे कथित रूप से अवैध तरीके से संचालित बूचड़खाने की जांच कराकर उसे नियमानुसार बंद कराने की मांग की।

ज्ञापन में कहा गया कि जनपद के सभी नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में धार्मिक स्थलों के आसपास संचालित ऐसी दुकानों का संबंधित विभागों से सर्वेक्षण कराया जाए। प्रतिष्ठानों के लाइसेंस और शासन द्वारा निर्धारित मानकों की जांच की जाए। यदि कोई दुकान या प्रतिष्ठान बिना वैध लाइसेंस अथवा नियमों का उल्लंघन करते हुए संचालित मिलता है तो उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाए।

कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से मांग की कि भविष्य में धार्मिक स्थलों के आसपास नियम विरुद्ध दुकानों का संचालन न हो, इसके लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं। उन्होंने जनभावनाओं और धार्मिक आस्थाओं का सम्मान करते हुए निष्पक्ष जांच और शीघ्र कार्रवाई की अपेक्षा जताई।

इस दौरान मुकेश सूर्यवंशी, प्राप्त समरसता टोली सदस्य, देवराज जिला संगठन मंत्री, प्रवीण खंडेलवाल जिला मंत्री, महेश वर्मा, मनोज वार्ष्णेय, हर्षित गौड़, शिवा राणा, नवीन वर्मा, प्रिंस अरोड़ा, हिमांशु, नैतिक शर्मा, लाला, साहिल वाल्मीकि, ईशू अरोड़ा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775918 Articles

Share this story