हाथरस में तीसरे सोमवार को रही बम भोले की गूंज

WhatsApp Channel Join Now
हाथरस में तीसरे सोमवार को रही बम भोले की गूंज


हाथरस, 17 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस के सादाबाद क्षेत्र में श्रावण मास के तीसरे सोमवार को क्षेत्र में डाक कांवड़ का उत्साह देखा गया। रविवार रात 12 बजे से सोमवार सुबह करीब 8 बजे तक आगरा-अलीगढ़ राजमार्ग, मथुरा-अवागढ़ स्टेट हाईवे और सादाबाद से गुजरने वाले विभिन्न मार्गों पर शिवभक्तों की टोलियां डाक कांवड़ लेकर दौड़ती रहीं। रातभर सड़कों पर भगवा रंग छाया रहा और 'हर-हर महादेव' व 'बोल बम' के जयकारों से वातावरण शिवमय बना रहा।

डाक कांवड़ को लेकर युवाओं में विशेष उत्साह था। बड़ी संख्या में युवा कांवड़ लेकर तेज गति से अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे थे। कई स्थानों पर युवा डीजे की धुन पर भक्ति गीतों के साथ आगे बढ़ रहे थे, जबकि उनके साथी शिवभक्तों का उत्साह बढ़ा रहे थे। पूरी रात सड़कों पर कांवड़ियों की आवाजाही जारी रही। डाक कांवड़ यात्रा के मद्देनजर पुलिस-प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। कांवड़ियों के सुगम आवागमन के लिए प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था की गई। पुलिसकर्मी रास्तों पर तैनात रहे और मार्ग को खाली रखने का प्रयास किया गया, जिससे शिवभक्तों को आवागमन में कोई परेशानी नहीं हुई। आगरा राजमार्ग से लेकर मथुरा-अवागढ़ स्टेट हाईवे और सादाबाद से निकलने वाले अन्य प्रमुख मार्गों पर देर रात से सुबह तक कांवड़ियों का रेला दिखाई दिया। कहीं युवा दौड़ते हुए कांवड़ लेकर जा रहे थे तो कहीं जत्थों में शिवभक्त 'बोल बम' के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे। श्रावण मास के तीसरे सोमवार पर यह नजारा क्षेत्र में शिवभक्ति और युवाओं के जोश का प्रतीक बना।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

Share this story