सादाबाद के कई वार्डों में पानी के लिए हाहाकार, महिलाओं की अधिशासी अधिकारी से हुई नोकझोंक

WhatsApp Channel Join Now
सादाबाद के कई वार्डों में पानी के लिए हाहाकार, महिलाओं की अधिशासी अधिकारी से हुई नोकझोंक


हाथरस, 29 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस के सादाबाद के के कई इलाकों में पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है। कस्बे की तमाम महिलाएं शिकायत लेकर तहसील पहुंची और पानी की समस्या काे लेकर अधिशासी अधिकारी (ईओ) विकास जैन ईओ से नौंकझोंक भी हुई। महिलाओं का कहना है कि मुख्य पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने के बाद से कई इलाकों में जलापूर्ति। अभी तक बहाल नहीं हुई है ।

कस्बे के कई इलाकों में भीषण गर्मी के बीच पेयजल संकट गहरा गया है। नगर के वार्ड नंबर-4 स्थित सुभाष गली, मुकेरखाना, तहसील मार्ग और नई बस्ती के निवासियों को पिछले 15 दिनों से नियमित पानी नहीं मिल रहा है। इस गंभीर समस्या से परेशान महिलाएं सोमवार दोपहर को तहसील परिसर पहुंचीं और एसडीएम मनीष चौधरी से मुलाकात कर जल्द समाधान की गुहार लगाई।

महिलाओं ने बताया कि पंद्रह दिनों से उनके घरों में पानी की एक बूंद भी नहीं आ रही है, जिससे उनके घरेलू कामकाज पूरी तरह प्रभावित हो गए हैं। पीने के पानी के लिए भी उन्हें काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। लोग मजबूरी में पड़ोसियों से या समरसेबल से पानी भरने को विवश हैं। बताया गया है कि नगर की मुख्य पेयजल पाइपलाइन कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गई है, जिसके कारण कई इलाकों में अभी तक जलापूर्ति बहाल नहीं हो सकी है। इसके अतिरिक्त, संबंधित क्षेत्र के अधिकांश हैंडपंप भी खराब पड़े हैं, जिससे भीषण गर्मी में लोगों की परेशानी और बढ़ गई है। समस्या को लेकर तहसील पहुंची महिलाओं की नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी से नोकझोंक भी हुई। महिलाओं ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया और उन्हें केवल आश्वासन ही मिलते रहे हैं।

आक्रोशित महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही नियमित जलापूर्ति शुरू नहीं हुई तो वे नगर पंचायत कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगी। उपजिलाधिकारी मनीष चौधरी ने महिलाओं की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल समस्या के समाधान के निर्देश दिए और जल्द से जल्द पेयजल आपूर्ति बहाल कराने का आश्वासन दिया। वहीं, अधिशासी अधिकारी विकास जैन ने भी महिलाओं को शीघ्र पानी पहुंचाने का आश्वासन दिया और आज टैंकर भेजने का वादा किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

Share this story