सड़क हादसे में स्कूटी सवार किसान की मौत

WhatsApp Channel Join Now
सड़क हादसे में स्कूटी सवार किसान की मौत


हाथरस, 01 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में सादाबाद थाना क्षेत्र में आगरा-अलीगढ़ राजमार्ग पर गुरुवार दोपहर तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से स्कूटी सवार किसान की मौत हो गई। हादसा गांव बास अमरू के निकट राजगढ़ पैलेस के सामने हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी क्षतिग्रस्त हो गई।

नगरिया गांव निवासी किसान भीमसेन (35) पुत्र विजेंद्र सिंह खंदौली बाजार से सामान लेकर स्कूटी से घर लौट रहे थे। बास अमरू के पास पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी। सड़क पर गिरने से भीमसेन गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। मृतक भीमसेन तीन बच्चे हैं और उनकी मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

सूचना पर पुलिस और हाईवे एंबुलेंस मौके पर पहुंची। सादाबाद प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि हादसे में स्कूटी सवार की मौके पर ही मृत्यु हो गई थी। शव की पहचान भीमसेन के रूप में कराकर परिजनों को सूचना दी गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटना में शामिल ट्रक की तलाश की जा रही है और तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

--------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

Share this story