हाथरस : तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार मजदूर की मौत, पत्नी को लेने जा रहा था स्टेशन

WhatsApp Channel Join Now
हाथरस : तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार मजदूर की मौत, पत्नी को लेने जा रहा था स्टेशन


हाथरस, 23 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस में मथुरा-बरेली राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार रात तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार 46 वर्षीय मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा हाथरस गेट कोतवाली क्षेत्र के गांव धातुरा खुर्द के पास हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सड़क पर काफी दूर तक घिसटता चला गया। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान अलीगढ़ जिले के इगलास थाना क्षेत्र के गांव लालगढ़ी निवासी सोबरन सिंह (46) पुत्र वीरी सिंह के रूप में हुई है। सोबरन सिंह मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। रविवार रात वह अपनी पत्नी को हाथरस सिटी रेलवे स्टेशन से लेने के लिए बाइक से जा रहा था। जैसे ही वह हाथरस गेट कोतवाली क्षेत्र के गांव धातुरा खुर्द के पास मथुरा-बरेली हाईवे पर पहुंचा, तभी मथुरा की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उसकी बाइक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह बाइक समेत सड़क पर जा गिरा और काफी दूर तक घिसटता चला गया। हादसे में गंभीर चोटें आने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक की शिनाख्त कर परिजनों को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस हादसे के बाद फरार हुए कार चालक की तलाश में जुटी है। आसपास के लोगों से जानकारी जुटाने के साथ ही घटना से जुड़े साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781691 Articles

Share this story