हाथरस : दो मोटरसाइकिल की सीधी भिड़ंत में पत्नी की मौत,पति घायल

WhatsApp Channel Join Now
हाथरस : दो मोटरसाइकिल की सीधी भिड़ंत में पत्नी की मौत,पति घायल


हाथरस, 29 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के सादाबाद में रविवार काे राया रोड पर गांव मीरपुर के निकट हुए सड़क हादसे में महिला की जान चली गई। दो मोटरसाइकिल की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इसमें पति-पत्नी दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में घायल महिला की सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद में उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि उसके पति को चोटें आईं। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच पड़ताल में जुट गई।

जनपद मथुरा के थाना जैत क्षेत्र के गांव जोनई निवासी बनवारी लाल पुत्र भरत सिंह अपनी पत्नी आशा देवी के साथ सादाबाद से अपने गांव लौट रहे थे। गांव मीरपुर के निकट पहुंचने पर दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि दोनों पति-पत्नी सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जुट गई। राहगीरों ने घटना की जानकारी पुलिस और एंबुलेंस को दी। सूचना मिलने पर एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल दंपति को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद लेकर आई। यहां चिकित्सकों ने दोनों का उपचार शुरू किया, लेकिन गंभीर रूप से घायल आशा देवी ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं, घायल बनवारी लाल का चिकित्सकों द्वारा उपचार किया गया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गई। एसआई प्रमोद ने घटनास्थल पहुंचकर दुर्घटना के संबंध में जानकारी जुटाई और जांच पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस द्वारा मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785425 Articles

Share this story