बिजली संविदा कर्मियों ने सासनी में धरना देकर विभिन्न मांगों के समाधान की उठाई मांग

WhatsApp Channel Join Now
बिजली संविदा कर्मियों ने सासनी में धरना देकर विभिन्न मांगों के समाधान की उठाई मांग


हाथरस, 30 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस में उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन निविदा संविदा कर्मचारी संघ की प्रदेश कार्यकारिणी के आह्वान पर लखनऊ स्थित शक्ति भवन में चल रहे प्रदेशव्यापी धरना-प्रदर्शन के समर्थन में गुरुवार को जनपद हाथरस की सासनी विद्युत उपखंड पर संविदा एवं निविदा कर्मचारियों ने धरना देकर अपनी विभिन्न मांगों को जोरदार ढंग से उठाया।

कर्मचारियों ने हाथों में तख्तियां लेकर सरकार और विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए वेतन विसंगतियों को दूर करने, सेवा सुरक्षा सुनिश्चित करने, दुर्घटना बीमा, ईपीएफ, ईएसआई सहित अन्य लंबित मांगों को शीघ्र पूरा किए जाने की मांग की।वक्ताओं ने कहा कि संविदा कर्मचारी विषम परिस्थितियों में दिन-रात कार्य कर उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, लेकिन उन्हें अब भी मूलभूत सुविधाओं और अधिकारों से वंचित रखा जा रहा है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों का जल्द समाधान नहीं हुआ तो प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।धरना-प्रदर्शन में योगेन्द्र सिंह, भानु प्रताप सिंह, यतेन्द्र शर्मा, अजीत सिंह, डालचंद वर्मा, बानी सिंह, कौशल शर्मा, सोनवीर सिंह, प्रमोद, विष्णु, धर्मेंद्र सहित बड़ी संख्या में संविदा कर्मचारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

Share this story