अगसौली पुलिस चौकी को थाना बनाने की कवायद तेज, जिलाधिकारी ने किया भूमि का निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
अगसौली पुलिस चौकी को थाना बनाने की कवायद तेज, जिलाधिकारी ने किया भूमि का निरीक्षण


हाथरस, 20 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस में सिकंदराराऊ क्षेत्र की पुलिस चौकी अगसौली को थाने में परिवर्तित करने की दिशा में प्रशासनिक कार्रवाई तेज हो गई है। इसी क्रम में जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने प्रस्तावित भूमि का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से भूमि की स्थिति की जानकारी लेते हुए आवंटन प्रक्रिया को नियमानुसार पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रस्तावित भूमि का अवलोकन किया और उप जिलाधिकारी सिकंदराराऊ को निर्देशित किया कि पुलिस चौकी अगसौली को थाना बनाए जाने के लिए चिह्नित भूमि का नियमानुसार सत्यापन कराया जाए। साथ ही भूमि से संबंधित आवश्यक अभिलेख तैयार कर विस्तृत आख्या प्रस्तुत करने को कहा, ताकि प्रस्ताव पर आगे की कार्रवाई समयबद्ध तरीके से की जा सके। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि भूमि आवंटन से संबंधित सभी औपचारिकताएं निर्धारित नियमों के अनुसार पूरी की जाएं। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और प्रक्रिया में अनावश्यक देरी से बचने के निर्देश भी दिए।

प्रशासन की इस पहल को क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुलिस चौकी अगसौली को थाने में परिवर्तित किए जाने से संबंधित प्रस्ताव पर भूमि सत्यापन और आवश्यक अभिलेखों की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी सिकंदराराऊ, क्षेत्राधिकारी पुलिस सिकंदराराऊ सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764071 Articles

Share this story