हाथरस में पालकी यात्रा में भक्ति के साथ बरसा रंग गुलाल

WhatsApp Channel Join Now
हाथरस में पालकी यात्रा में भक्ति के साथ बरसा रंग गुलाल


हाथरस, 02 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हाथरस कस्बे के जवाहर बाजार स्थित मुरली मनोहर मंदिर से सोमवार को ठाकुर मुरली मनोहर की पालकी यात्रा निकाली गई। यह यात्रा होली उत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित की गई। इस दाैरान श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

पालकी यात्रा का शुभारंभ मुख्य अतिथि काष्णि राष्ट्रीय संत ब्रह्मानंद जी महाराज, भाजपा नेता धर्मेंद्र गौतम और बसपा नेता डॉ. अविन शर्मा ने किया। अतिथियों ने विधिवत पूजा-अर्चना कर यात्रा को आगे बढ़ाया। आयोजन समिति ने सभी अतिथियों का पटका, माला पहनाकर और प्रतीक चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। पालकी यात्रा मंदिर परिसर से शुरू होकर चौक बाजार, जवाहर बाजार, सब्जी मंडी और डाकखाना रोड सहित नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरी। यात्रा के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं ने ठाकुर जी पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। युवाओं, महिलाओं और बच्चों ने रंग-गुलाल उड़ाया। इस दौरान 'राधे-राधे' और 'ठाकुर जी की जय' के जयघोष से पूरा वातावरण गूंज उठा।

शोभायात्रा के समापन पर पालकी पुनः मंदिर पहुंची, जहां आरती के साथ कार्यक्रम का विधिवत समापन हुआ। इस अवसर पर पंडित अजीत सारस्वत, अवधेश गहलोत, अशोक वर्मा, रविकांत जायसवाल, मनोज अग्रवाल, सोनू पाराशर सहित नगर के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

Share this story