हाथरस में टेंट के गोदाम में लगी भीषण आग, कुर्सियां और जनरेटर समेत सारा सामान जल कर खाक

WhatsApp Channel Join Now
हाथरस में टेंट के गोदाम में लगी भीषण आग, कुर्सियां और जनरेटर समेत सारा सामान जल कर खाक


हाथरस, 21 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस के मुरसान में क्षेत्र में रविवार देर रात करीब 12 बजे टेंट के गोदाम में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग की लपटों ने गोदाम में रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए और आग बुझाने के प्रयास शुरू किए गए।

आग की चपेट में आने से गोदाम में रखी कुर्सियां, जनरेटर, सोफा सहित टेंट का अन्य सामान जलकर राख हो गया। आग इतनी तेजी से फैली कि संचालक को सामान बाहर निकालने का मौका तक नहीं मिल सका। हादसे में गोदाम में रखा काफी सामान नष्ट होने से संचालक को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। गोदाम मालिक अरविंद पुत्र कैलाश चंद शर्मा ने बताया कि रविवार रात करीब 12 बजे उनके टेंट के गोदाम में अचानक आग लग गई। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों ने अरविंद को घटना की सूचना दी।

कोतवाली मुरसान थाना प्रभारी क्रिस्टियन ने बताया कि आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

Share this story