हाथरस में 21 अगस्त को लगेगी तीन दिवसीय विशेष लोक अदालत

WhatsApp Channel Join Now
हाथरस में 21 अगस्त को लगेगी तीन दिवसीय विशेष लोक अदालत


हाथरस, 04 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हाथरस जनपद में सर्वोच्च न्यायालय के निर्देश पर न्याय को अधिक सरल, सुलभ और सौहार्दपूर्ण बनाने के उद्देश्य से 21, 22 और 23 अगस्त 2026 को विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इस तीन दिवसीय ‘समाधान समारोह-2026’ के तहत सुप्रीम कोर्ट में लंबित ऐसे मामलों का सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण किया जाएगा, जिनमें आपसी सहमति की संभावना है।

जनपद जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनु चौधरी ने शनिवार को बताया कि इस विशेष अभियान का उद्देश्य केवल मामलों का निस्तारण करना नहीं, बल्कि पक्षकारों के बीच आपसी संबंधों को बनाए रखते हुए त्वरित, सस्ता और प्रभावी न्याय उपलब्ध कराना भी है।

उन्होंने कहा कि वर्षों से लंबित मामलों का आपसी सहमति से समाधान होने पर लोगों के समय और धन दोनों की बचत होगी तथा न्यायालयों पर भी लंबित मामलों का बोझ कम होगा। उन्होंने बताया कि वैवाहिक विवाद सहित समझौता योग्य मामलों में पक्षकारों की प्री-बैठकें जनपद न्यायालय परिसर में गठित विशेष बेंच के माध्यम से कराई जा रही हैं। इसके अलावा पक्षकार ऑनलाइन माध्यम से भी समझौता प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने इच्छुक पक्षकारों से अपील की है कि वे अधिक जानकारी और आवश्यक सहायता के लिए कार्यालय से संपर्क करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

Share this story