हाथरस : हादसे में छात्रा की मौत से आहत लोगों ने मानव श्रृंखला बनाकर किया प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
हाथरस : हादसे में छात्रा की मौत से आहत लोगों ने मानव श्रृंखला बनाकर किया प्रदर्शन


हाथरस, 28 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हाथरस जनपद में सदर कोतवाली थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में छात्रा की मौत के बाद घटना के विरोध में मंगलवार को परिजनों के साथ स्थानीय लोगों ने मानव श्रृंखला बनाकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के चलते कुछ देर के लिए यातायात बाधित हो गया। मौके पर अधिकारियों ने पहुंचकर उन्हें शांत करते हुए स्थिति को सामान्य कराया।

कोतवाली सदर क्षेत्र के आगरा रोड स्थित पुराना मिल कंपाउंड की निवासी डॉ. संजीव अग्रवाल की पुत्री खुशी अग्रवाल अलीगढ़ रोड स्थित एक कोचिंग सेंटर से मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रही थी। सोमवार देर शाम कोचिंग से पढ़ने के बाद खुशी अपनी स्कूटी से घर लौट रही थी। तभी तालाब ओवरब्रिज पर एक ट्रैक्टर ने उसकी स्कूटी में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि खुशी गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गई। स्थानीय लोगों ने उसे तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उसे शहर के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां देर रात इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। छात्र की मौत के बाद परिवार के लोगों में कोहराम मच गया।

मंगलवार सुबह करीब 10 बजे व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने इस घटना के विरोध में मानव श्रृंखला बनाकर प्रदर्शन किया। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर शांत किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि तालाब ओवरब्रिज की चौड़ाई कम है और यहां यातायात का दबाव अधिक रहता है। इसके अलावा, ओवरब्रिज से नीचे उतरने वाले मोड़ काफी खतरनाक हैं, जिनकी वजह से अक्सर हादसे होते हैं। उन्होंने प्रशासन से ऐसे इंतजाम करने की मांग की, जिससे भविष्य में दुर्घटनाएं रोकी जा सकें।

इस विरोध प्रदर्शन की सूचना मिलने पर उपजिलाधिकारी सदर राजबहादुर भी कोतवाली सदर थाना पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने विरोध प्रदर्शन कर रहे व्यापारियों और अन्य लोगों से बातचीत की और उन्हें समझा बुझाकर शांत किया। उप जिलाधिकारी सदर ने बताया कि एक हादसे के विरोध में मृतक के परिवार एवं लोगों ने प्रदर्शन किया था। आश्वासन के बाद सभी ने प्रदर्शन खत्म कर दिया और लौट गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

Share this story