हाथरस में जीएसटी टीम की छापेमारी के दौरान हंगामा, व्यापारियों ने लगाए मारपीट के आरोप
हाथरस, 15 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस के कोतवाली सदर क्षेत्र स्थित खाती खाना बाजार में गुरुवार दोपहर एक लोहा व्यापारी के प्रतिष्ठान पर केंद्रीय जीएसटी टीम की छापेमारी के दौरान दाेनाें पक्षाें में विवाद हो गया। घटना के बाद मौके पर व्यापारियों की भीड़ जुट गई और हंगामा शुरू हो गया।
लोहा व्यापारी सुबोध अग्रवाल उर्फ डब्बू लोहिया ने आरोप लगाया कि तीन गाड़ियों से पहुंची जीएसटी टीम के सदस्यों ने प्रतिष्ठान पर आने के बाद अपना परिचय नहीं दिया। व्यापारी के मुताबिक, टीम के सदस्यों ने कर्मचारियों के साथ मारपीट की और उनके मोबाइल फोन छीन लिए। उन्होंने अपने साथ भी हाथापाई किए जाने तथा प्रतिष्ठान से संबंधित कागजात जब्त किए जाने का आरोप लगाया है। घटना की जानकारी मिलते ही बाजार के अन्य व्यापारी भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद बाजार में हंगामे की स्थिति बन गई। कार्रवाई को लेकर व्यापारियों में नाराजगी देखने को मिली। फिलहाल, मामले में केंद्रीय जीएसटी टीम के एक सदस्य ने किसी प्रकार की मारपीट की घटना से इनकार किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

