हाथरस में धूमधाम से निकाली गई बाबा साहब की प्रभात फेरी , जगह—जगह हुई पुष्प वर्षा
हाथरस, 14 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस के कस्बे में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती पर मंगलवार सुबह प्रभात फेरी और रथ यात्रा निकाली गई। डॉ. भीमराव अंबेडकर नवयुवक संघ के तत्वावधान में आयोजित इस यात्रा में बड़ी संख्या में युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने भाग लिया। इस दौरान 'जय भीम' और 'बाबा साहब अमर रहें' के नारों से पूरा माहौल गूंज उठा।
प्रभात फेरी का शुभारंभ भाजपा नेता और एमडी हॉस्पिटल के निदेशक धर्मेंद्र गौतम ने फीता काटकर किया। समिति अध्यक्ष अवनीश सागर और अन्य पदाधिकारियों ने उन्हें पगड़ी पहनाकर और दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मानित किया। इसके उपरांत, आगरा चुंगी स्थित बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया। यात्रा आगरा चुंगी से शुरू होकर कृष्णा टॉकीज, जवाहर बाजार, चौक बाजार, सब्जी मंडी तिराहा और रोडवेज बस स्टैंड से होते हुए विनोबा नगर चौराहे तक पहुंची। वहां से वापस चौधरी चरण सिंह चौराहा होकर अंबेडकर पार्क, मोहल्ला पोखर वाला में इसका समापन हुआ। यात्रा में शामिल युवाओं के हाथों में तिरंगा और नीले झंडे आकर्षण का केंद्र रहे। डीजे और बैंड की धुन पर युवा जोश के साथ नारे लगाते और बाबा साहब के विचारों का संदेश देते हुए आगे बढ़ रहे थे। यात्रा मार्ग में विभिन्न स्थानों पर स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर इसका स्वागत किया। कई जगहों पर शीतल पेयजल और प्रसाद की भी व्यवस्था की गई थी।
आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने इस अवसर पर कहा कि बाबा साहब के बताए समानता, शिक्षा और संविधान के सम्मान के मार्ग पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित लोगों ने बाबा साहब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर एडीओ राजेश किंग, विष्णु कुमार मिस्त्री, अध्यक्ष अवनीश सागर, संयोजक भगवती प्रसाद, सुनील कुमार, मोहन मालती स्वरूप, सोनू राना, अंकित कुमार, मनोज सागर, राज कपूर, संतोष निमेष, बहादुर सिंह, रंजीत सागर, भानुवेंद्र सिंह और गंभीर सिंह सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

