जिलाधिकारी ने मेला परिसर का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा

WhatsApp Channel Join Now
जिलाधिकारी ने मेला परिसर का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा


हाथरस, 14 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस में बल्देव छठ से प्रारंभ होने वाले ब्रज क्षेत्र के प्रसिद्ध एवं ऐतिहासिक 115वें राजकीय लक्खी मेला श्री दाऊजी महाराज के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में रविवार काे जिलाधिकारी अतुल वत्स ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीवी नाथ सिन्हा के साथ मेला परिसर का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मेला परिसर, परिक्रमा मार्ग, पार्किंग स्थलों, प्रवेश एवं निकास मार्गों, सुरक्षा व्यवस्था तथा यातायात प्रबंधन से संबंधित तैयारियों की समीक्षा की।

जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि मेले के आयोजन में अभी पर्याप्त समय उपलब्ध है, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पूर्व वर्षों के अनुभवों और सुझावों को ध्यान में रखते हुए इस बार मेले को और अधिक व्यवस्थित, सुरक्षित तथा श्रद्धालु-अनुकूल बनाने का प्रयास किया जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि श्री दाऊजी महाराज मेला केवल हाथरस जनपद ही नहीं बल्कि पूरे ब्रज क्षेत्र की सांस्कृतिक, धार्मिक और ऐतिहासिक विरासत का प्रतीक है।ऐसे में इसके सफल आयोजन के लिए सभी विभाग पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ कार्य करें। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी पुलिस, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद हाथरस सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।----------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

Share this story