हाथरस में भाकियू ने बैठक कर जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन, वीर गोकुला जाट के नाम से हो यात्री प्रतीक्षालय

WhatsApp Channel Join Now
हाथरस में भाकियू ने बैठक कर जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन, वीर गोकुला जाट के नाम से हो यात्री प्रतीक्षालय


हाथरस, 01 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस में बुधवार काे सादाबाद तहसील परिसर और रोडवेज बस स्टैंड स्थित यात्री प्रतीक्षालय में भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री के नाम उप जिलाधिकारी मनीष चौधरी को एक ज्ञापन सौंप कर समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।

भाकियू के वरिष्ठ पदाधिकारी चंद्रेश चौधरी ने बताया कि किसानों को खाद, फसल मुआवजा और सम्मान से जुड़े मुद्दों पर लगातार परेशानी हो रही है। उन्होंने ई-केवाईसी और अन्य ऑनलाइन एंट्री की अनिवार्यता समाप्त करने, किसानों को समय पर डीएपी और यूरिया उपलब्ध कराने तथा बंद पड़े सरकारी खाद केंद्रों को 10 दिनों के भीतर फिर से शुरू करने की मांग की। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि हाल ही में हुई ओलावृष्टि और बेमौसम बारिश से किसानों की फसलें बर्बाद हो गई हैं। प्रभावित किसानों को अभी तक मुआवजा नहीं मिला है। किसानों ने सरकार से जल्द सर्वे कराकर उचित मुआवजा दिलाने की अपील की। किसान नेताओं ने सादाबाद रोडवेज बस स्टैंड स्थित यात्री प्रतीक्षालय का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना था कि पहले इस प्रतीक्षालय का नाम वीर गोकुला जाट के नाम पर था, लेकिन वर्तमान नगर पंचायत बोर्ड ने उनका नाम हटा दिया है। किसानों ने इसे समाज और किसानों के सम्मान से जुड़ा विषय बताते हुए वीर गोकुल जाट का नाम पुनः बहाल करने की मांग की।

किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों का जल्द समाधान नहीं किया गया तो भारतीय किसान यूनियन व्यापक धरना-प्रदर्शन और आंदोलन करने को बाध्य होगी। प्रदर्शन के दौरान सुरेंद्र सिंह, पदम सिंह, रामवीर सिंह, ओमप्रकाश, सत्यदेव पाठक, विश्वजीत आर्य, अशोक कुमार और विक्रम सिंह वर्मा सहित बड़ी संख्या में किसान नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

Share this story