बार और बेंच के समन्वय से मिलेगा प्रभावी न्याय : जनपद न्यायाधीश
हाथरस, 29 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस में बुधवार काे सादाबाद की दी बार एसोसिएशन की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह हाथरस रोड स्थित अन्नपूर्णा सेवा सदन में आयोजित किया गया। इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश हाथरस विनय कुमार ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
समारोह को संबोधित करते हुए जनपद न्यायाधीश विनय कुमार ने कहा कि बार और बेंच न्याय व्यवस्था के दो महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि दोनों के बीच समन्वय, विश्वास और सौहार्द बना रहना आवश्यक है, ताकि आमजन को समयबद्ध और प्रभावी न्याय मिल सके। न्यायाधीश ने अधिवक्ताओं से न्यायिक गरिमा एवं पेशे की मर्यादा बनाए रखते हुए समाज के हित में कार्य करने का आह्वान भी किया।
शपथ ग्रहण करने वाले पदाधिकारियों में अनिल कुमार दीक्षित अध्यक्ष, हमवीर सिंह सचिव, मनोज बधौतिया वरिष्ठ उपाध्यक्ष, कृष्णगोपाल चतुर्वेदी कनिष्ठ उपाध्यक्ष प्रथम, नवीन शर्मा कनिष्ठ उपाध्यक्ष द्वितीय, निशा गौतम कोषाध्यक्ष, अरुण चौधरी संयुक्त सचिव प्रथम, राजेश कुमार शर्मा संयुक्त सचिव द्वितीय तथा हरिओम गिरी संयुक्त सचिव तृतीय शामिल हैं। शपथ ग्रहण के उपरांत अधिवक्ताओं ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का फूलमालाओं से स्वागत किया और शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम की शुरुआत में बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेंद्र पराशर और सचिव दिग्विजय सिंह ने जनपद न्यायाधीश सहित अन्य अतिथियों का बुकें एवं पुष्पमाला भेंट कर अभिनंदन किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में अधिवक्ता, न्यायिक अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

